शेयर बाजार

Stocks to watch today: Bajaj Finance से लेकर Adani Power तक, आज इन स्टॉक्स में कमाई का बन रहा मौका

Stocks to watch today: Bajaj Finance, Adani Power, IIFL Finance, Indegene और L&T आज नज़र रखने लायक कुछ प्रमुख स्टॉक्स हैं।

Published by
जतिन भूटानी   
Last Updated- April 30, 2026 | 8:28 AM IST

Stocks to watch today: एशियाई बाजारों में कमजोर रुख के बीच भारतीय शेयर बाजार गुरुवार (30 अप्रैल) को गिरावट में खुल सकते हैं। गिफ्ट निफ्टी फ्यूचर्स (Gift Nifty Futures) सुबह 7:55 बजे 140 अंक की गिरावट लेकर 24,220 पर चल रहा था। यह बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी-50 (Nifty-50) के गिरावट में ओपन होने का संकेत देता है।

इस बीच, गुरुवार को इन स्टॉक्स पर रखें नजर;

Q4 Results Today: अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन, एस्टर डीएम हेल्थकेयर, बजाज फिनसर्व, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, कैप्री ग्लोबल कैपिटल, चोलामंडलम इन्वेस्टमेंट एंड फाइनेंस कंपनी, एडलवाइस फाइनेंशियल सर्विसेज, इक्विटास स्मॉल फाइनेंस बैंक, एवररेडी इंडस्ट्रीज इंडिया, गो फैशन (इंडिया), गोदरेज एग्रोवेट, HFCL, हिंदुस्तान यूनिलीवर, IDBI बैंक समेत कई कंपनियां आज तिमाही नतीजे जारी करेंगी।

Adani Power: अदाणी ग्रुप की पावर सेक्टर में काम करने वाली कंपनी अदाणी पावर ने बुधवार को वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही के नतीजों का ऐलान किया। Q4FY26 में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 64 फीसदी बढ़कर 4,271 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। एक साल पहले की समान अवधि यानी Q4FY25 में यह 2,599.23 करोड़ था।

Eternal Share: Zomato और Blinkit जैसे ब्रांड के मालिकाना हक रखने वाली फूड डिलीवरी और क्विक कॉमर्स कंपनी इटरनल ने मंगलवार को वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही के नतीजों का ऐलान किया। Q4FY26 में कंपनी का मुनाफा 4 गुना बढ़कर 174 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने पिछले साल इसी अवधि में 39 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था।

Vedanta Share: माइनिंग सेक्टर की दिग्गज कंपनी वेदांता लिमिटेड ने बुधवार को बाजार बंद होने के बाद वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए। कंपनी ने कई मोर्चों पर रिकॉर्ड प्रदर्शन दर्ज किया है। मुंबई स्थित खनन कंपनी का कंसोलिडेट नेट मुनाफा मार्च तिमाही में 92.3 प्रतिशत उछलकर 6,698 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले की इसी तिमाही में यह 3,483 करोड़ रुपये था। बेस मेटल की मजबूत कीमतों से कंपनी को मुनाफे में मदद मिली। इसकी वजह से बीती तिमाही में मार्जिन बढ़ा।

Bajaj Finance: गैर-बैंकिंग वित्त कंपनी ने मार्च तिमाही में 5,553 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया, जो पिछले साल की समान अवधि के 4,546 करोड़ रुपये से 22 प्रतिशत ज्यादा है। कंपनी की शुद्ध ब्याज आय 20 प्रतिशत बढ़कर 11,781 करोड़ रुपये हो गई, जो पहले 9,808 करोड़ रुपये थी।

Schaeffler India: कंपनी का कर पश्चात लाभ 25.6 प्रतिशत बढ़कर 316.1 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 251.6 करोड़ रुपये था। इसकी आय 18.9 प्रतिशत बढ़कर 2,585.6 करोड़ रुपये हो गई, जो पहले 2,174.4 करोड़ रुपये थी।

Indigene: कंपनी का लाभ 32.2 प्रतिशत घटकर 79.7 करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले साल 117 करोड़ रुपये था। हालांकि, इसकी आय 32.8 प्रतिशत बढ़कर 1,003.4 करोड़ रुपये हो गई, जो पहले 755.6 करोड़ रुपये थी।

IIFL Finance: गैर-बैंकिंग वित्त कंपनी का शुद्ध लाभ 587 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही के 208 करोड़ रुपये से दोगुने से ज्यादा है। कंपनी की आय 42.6 प्रतिशत बढ़कर 3,670 करोड़ रुपये हो गई, जो पहले 2,594 करोड़ रुपये थी। निदेशक मंडल ने गैर-परिवर्तनीय डिबेंचर के जरिए 10,000 करोड़ रुपये जुटाने को मंजूरी दी है।

Naveen Fluorine: कंपनी की आय 33.8 प्रतिशत बढ़कर 938 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले साल 701 करोड़ रुपये थी। इसका परिचालन लाभ 80 प्रतिशत बढ़कर 321 करोड़ रुपये हो गया, जो पहले 179 करोड़ रुपये था। शुद्ध लाभ 213 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल 95 करोड़ रुपये था। कंपनी ने 8.6 रुपये प्रति शेयर के अंतिम डिविडेंड की घोषणा की है।

Motilal Oswal Financial Services: कंपनी की कुल आय सालाना आधार पर 27 प्रतिशत बढ़कर 2,692 करोड़ रुपये हो गई, जो पहले 2,120 करोड़ रुपये थी। कंपनी को 221 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ, जबकि पहले 566 करोड़ रुपये का घाटा था।

Waaree Energies: नवीकरणीय ऊर्जा कंपनी की आय 8,480 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल 4,004 करोड़ रुपये से दोगुने से ज्यादा है। परिचालन लाभ 71 प्रतिशत बढ़कर 1,577 करोड़ रुपये हो गया, जो पहले 923 करोड़ रुपये था। शुद्ध लाभ 71.4 प्रतिशत बढ़कर 1,061 करोड़ रुपये हो गया, जो पहले 619 करोड़ रुपये था।

Larsen & Toubro: कंपनी ने हैदराबाद मेट्रो रेल, जो तेलंगाना सरकार का उपक्रम है, के साथ अपनी सहायक कंपनी में पूरी हिस्सेदारी बेचने के लिए समझौता किया है। यह सौदा 1,461.47 करोड़ रुपये में होगा। इस विनिवेश को 30 जून 2026 तक पूरा करने की उम्मीद है।

First Published : April 30, 2026 | 8:23 AM IST