Stocks to Watch today, 16 April 2026: वैश्विक बाजारों से पॉजिटिव संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार गुरुवार (16 अप्रैल) को बढ़त के साथ खुल सकते हैं। गिफ्ट निफ्टी फ्यूचर्स सुबह 7:55 बजे 66 अंक की बढ़त लेकर 24,315 पर चल रहा थे। यह बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी-50 (Nifty-50) के हरे निशान में खुलने का संकेत देता है।
Q4 Results today: विप्रो, आलोक इंडस्ट्रीज, एंजेल वन, क्रिसिल, एचडीएफसी एसेट मैनेजमेंट कंपनी, एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी और वीएसटी इंडस्ट्रीज समेत कई कंपनियों के शेयर आज चर्चा में रहेंगे, क्योंकि ये कंपनियाँ वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही के नतीजे घोषित करेंगी।
Wipro: विप्रो पर आज सबकी नज़र रहेगी। यह आईटी सर्विस कंपनी आज अपने मार्च तिमाही के नतीजे घोषित करेगी। इसके अलावा, कंपनी शेयर बायबैक और डिविडेंड की घोषणा भी कर सकती है।
Shriram Finance: श्रीराम फाइनेंस ने कहा कि उसकी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी श्रीराम ओवरसीज इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड को भारतीय रिजर्व बैंक से प्राइमरी डीलर कारोबार शुरू करने के लिए सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है।
HDB Financial Services: एचडीबी फाइनेंशियल सर्विसेज ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में अपने मुनाफे में सालाना आधार पर 41 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की है, जो 751 करोड़ रुपये रहा। तिमाही के दौरान कंपनी की शुद्ध ब्याज आय 2,399 करोड़ रुपये रही। यह एक साल पहले 1,973 करोड़ रुपये थी, यानी इसमें 21.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 के लिए कंपनी ने कर के बाद मुनाफे में 17 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की, जो 2,544 करोड़ रुपये रहा। एचडीएफसी बैंक की इस एनबीएफसी इकाई ने 10 रुपये फेस वैल्यू वाले प्रति शेयर पर 2 रुपये के अंतिम डिविडेंड की भी सिफारिश की है।
ICICI Lombard General Insurance Company: आईसीआईसीआई लोम्बार्ड जनरल इंश्योरेंस ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में शुद्ध मुनाफे में 7.3 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की है, जो 547 करोड़ रुपये रहा। इस तिमाही में कंपनी की कुल आय बढ़कर 6,619 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले 5,851 करोड़ रुपये थी। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 10.5 प्रतिशत बढ़कर 2,772 करोड़ रुपये रहा। इसके अलावा, कंपनी ने प्रति शेयर 7 रुपये के अंतिम डिविडेंड की घोषणा की है।
Tejas Networks: टाटा समूह की कंपनी तेजस नेटवर्क्स ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में अपने घाटे में बढ़ोतरी दर्ज की है। मार्च तिमाही में कंपनी का शुद्ध घाटा 211 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 72 करोड़ रुपये का घाटा था। तेजस नेटवर्क्स की आय में सालाना आधार पर 82 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 332.3 करोड़ रुपये रह गई, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 1,907 करोड़ रुपये थी। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी को 909 करोड़ रुपये का घाटा हुआ, जबकि सालाना आधार पर पिछले वर्ष उसे 447 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था।
SAMHI Hotels: साम्ही होटल्स की सहायक कंपनी साम्ही स्काईलाइन ने नोएडा में इंग्का सेंटर्स इंडिया की आने वाली 25 लाख वर्ग फुट की मिश्रित उपयोग परियोजना में 162 कमरों वाले होटल को लीज पर लेने के लिए समझौता किया है। यह परियोजना साम्ही के दीर्घकालिक परिवर्तनीय लीज मॉडल के तहत लागू की जाएगी।
Tata Group stocks: टाटा ग्रुप के शेयर भी आज फोकस में रहेंगे। चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने कहा कि आने वाले वर्षों में उत्तर प्रदेश में समूह की मौजूदगी दोगुने से अधिक हो जाएगी। उन्होंने यह बात लखनऊ स्थित टाटा मोटर्स प्लांट से दस लाखवीं बस के रोलआउट के मौके पर कही।
Brigade Enterprises: रियल एस्टेट कंपनी ब्रिगेड एंटरप्राइजेज बेंगलुरु में 39 एकड़ में एक टाउनशिप परियोजना विकसित करेगी, जिसकी अनुमानित आय क्षमता 7,200 करोड़ रुपये है। कंपनी ने पूर्वी बेंगलुरु के गुंजूर में 8.63 एकड़ जमीन के लिए संयुक्त विकास समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।
Delhivery: लॉजिस्टिक्स कंपनी डेल्हिवरी के शेयरों में हलचल देखने को मिल सकती है। गोल्डमैन सैक्स और मॉर्गन स्टेनली समेत कई निवेशकों ने वेंचर कैपिटल फर्म नेक्सस वेंचर पार्टनर्स से 40 लाख शेयर खरीदे हैं। यह सौदा 186 करोड़ रुपये का रहा, जो बुधवार को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के ब्लॉक डील आंकड़ों के अनुसार खुले बाजार में किया गया। एडेलवाइस म्यूचुअल फंड, निप्पॉन इंडिया म्यूचुअल फंड और हांगकांग स्थित विरिडियन एसेट मैनेजमेंट ने भी कंपनी में हिस्सेदारी खरीदी है।
Infosys: आईटी सेवाओं की कंपनी इन्फोसिस ने सात बार के ग्रैंड स्लैम विजेता कार्लोस अल्कराज को अपना वैश्विक ब्रांड एंबेसडर बनाया है।