शेयर बाजार

सन फार्मा की मेगा डील, 11.75 अरब डॉलर में ऑर्गेनॉन खरीदेगी; शेयरों में 5% की जोरदार तेजी

Sun Pharma Share: डील के तहत सन फार्मा ऑर्गेनॉन के सभी बकाया शेयर $14 प्रति शेयर की कीमत पर खरीदेगी। यह सौदा नकद में होगा।

Published by
जतिन भूटानी   
Last Updated- April 27, 2026 | 10:16 AM IST

Sun Pharma Share Price: फार्मा सेक्टर की कंपनी सन फार्मास्यूटिकल इंडस्ट्रीज के शेयर सोमवार (27 अप्रैल) को बाजार खुलते ही 5 फीसदी से ज्यादा चढ़ गए। Sun Pharma Share में यह तेजी एक अमेरिकी कंपनी के अधिग्रहण के चलते देखने को मिल रही है।

सन फार्मा अमेरिका की कंपनी ऑर्गेनॉन एंड कंपनी का अधिग्रहण करने जा रही है। यह डील पूरी तरह नकद सौदे में की जायेगी। यह सौदा 11.75 अरब डॉलर के एंटरप्राइज वैल्यूएशन पर तय हुआ है और इसे भारतीय कंपनियों के सबसे बड़े विदेशी अधिग्रहणों में से एक माना जा रहा है।

कंपनी ने सोमवार को बयान में कहा कि उसने एक अंतिम समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके तहत सन फार्मा ऑर्गेनॉन के सभी बकाया शेयर 14 डॉलर प्रति शेयर की कीमत पर खरीदेगी। यह पूरा सौदा नकद में होगा और इसका कुल एंटरप्राइज वैल्यूएशन 11.75 अरब डॉलर है।

ऑर्गेनॉन एक वैश्विक स्वास्थ्य सेवा कंपनी है, जो 2021 में मर्क से अलग होकर बनी थी। इसके यूरोपीय संघ और उभरते बाजारों में छह विनिर्माण संयंत्र हैं।
इस सौदे के पूरा होने के बाद सन फार्मा संयुक्त राजस्व 12.4 अरब डॉलर के साथ दुनिया की शीर्ष 25 दवा कंपनियों में शामिल हो सकती है। कंपनी ने कहा कि वह स्थापित ब्रांड और ब्रांडेड जेनेरिक दवाओं के क्षेत्र में मजबूत खिलाड़ी बनेगी।

सबसे बड़े विदेशी सौदों में से एक

यह अधिग्रहण भारतीय कंपनियों के बड़े विदेशी सौदों में शामिल होगा। इनमें 2007 में टाटा स्टील द्वारा कोरस का 12 अरब डॉलर में अधिग्रहण और 2010 में भारती एयरटेल द्वारा जैन टेलीकॉम के अफ्रीकी कारोबार को 10.7 अरब डॉलर में खरीदना शामिल है।

सन फार्मा के कार्यकारी अध्यक्ष दिलीप सांघवी ने कहा कि यह सौदा कंपनी के ‘लोगों तक पहुंचने और जीवन को छूने’ के विजन को आगे बढ़ाने का बड़ा अवसर है। उन्होंने कहा कि ऑर्गेनॉन का पोर्टफोलियो, क्षमताएं और वैश्विक पहुंच सन फार्मा के साथ अच्छी तरह मेल खाती हैं और दोनों कंपनियों के एक साथ आने से एक मजबूत और विविध मंच बनेगा।

ऑर्गेनॉन की कार्यकारी अध्यक्ष कैरी कॉक्स ने कहा कि व्यापक रणनीतिक समीक्षा के बाद बोर्ड ने तय किया कि यह नकद सौदा शेयरधारकों के लिए तुरंत और आकर्षक मूल्य प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि सन फार्मा कंपनी के कारोबार, कर्मचारियों और मरीजों को वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ाने में सक्षम है।

यह पढ़ें: 550% का बड़ा डिविडेंड! Vedanta Group की कंपनी का निवेशकों को गिफ्ट, रिकॉर्ड डेट इसी हफ्ते

इस सौदे के बाद सन फार्मा वैश्विक महिला स्वास्थ्य क्षेत्र में शीर्ष तीन कंपनियों में शामिल हो जाएगी और बायोसिमिलर क्षेत्र में सातवीं सबसे बड़ी कंपनी बनेगी। सौदा पूरा होने के बाद कंपनी की मौजूदगी 150 देशों में होगी और 18 बड़े बाजार ऐसे होंगे जहां प्रत्येक से 100 मिलियन डॉलर से अधिक का राजस्व आएगा। निवेशक प्रस्तुति में सन फार्मा ने कहा कि संयुक्त कारोबार से कई तरह के मूल्य सृजन के अवसर मिलेंगे और 2 से 4 साल में 350 मिलियन डॉलर से अधिक की संभावित तालमेल से लाभ होगा। दोनों कंपनियों के निदेशक मंडलों ने इस सौदे को मंजूरी दे दी है। आवश्यक नियामकीय मंजूरियां और शेयरधारकों की मंजूरी मिलने के बाद यह सौदा 2027 की शुरुआत तक पूरा होने की उम्मीद है।

सन फार्मा के लिए यह अधिग्रहण उसके सफल सौदों की श्रृंखला का हिस्सा है। इससे पहले 2014 में उसने रैनबैक्सी का 4 अरब डॉलर में अधिग्रहण किया था और 2007 में इजराइल की तारो फार्मास्यूटिकल इंडस्ट्रीज को 454 मिलियन डॉलर में खरीदा था।

ऑर्गेनॉन महिला स्वास्थ्य क्षेत्र में वैश्विक अग्रणी कंपनी है। इसके पास महिला स्वास्थ्य और सामान्य दवाओं के क्षेत्र में 70 से अधिक उत्पादों का पोर्टफोलियो है, जिनमें बायोसिमिलर भी शामिल हैं। ये उत्पाद 140 देशों में बेचे जाते हैं और अमेरिका, यूरोप, चीन, कनाडा और ब्राजील इसके प्रमुख बाजार हैं।

31 दिसंबर 2025 को समाप्त वर्ष में ऑर्गेनॉन का राजस्व 6.2 अरब डॉलर रहा और समायोजित ईबीआईटीडीए 1.9 अरब डॉलर था। कंपनी पर 8.6 अरब डॉलर का कर्ज था और उसके पास 574 मिलियन डॉलर की नकदी थी। हाल ही में ऑर्गेनॉन ने एक उत्पाद की बिक्री पूरी की, जिसके लिए उसे 440 मिलियन डॉलर की अग्रिम राशि मिली। इस राशि से 31 मार्च 2026 तक उसकी नकदी स्थिति और मजबूत होगी।

(पीटीआई के इनपुट के साथ)

First Published : April 27, 2026 | 9:53 AM IST