शेयर बाजार

TCS के MCap पर सर्वोच्च स्तर से 100 अरब डॉलर की चोट, आईटी शेयरों में भारी गिरावट

17 जनवरी, 2022 को अपने उच्चतम स्तर पर सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) क्षेत्र की इस अग्रणी कंपनी का मूल्यांकन 200.15 अरब डॉलर था

Published by
समी मोडक   
Last Updated- March 10, 2026 | 10:42 PM IST

देश में सूचीबद्ध किसी कंपनी के लिए यह पहला मौका है। टाटा समूह की प्रमुख कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) का बाजार पूंजीकरण (एमकैप) अपने उच्चतम स्तर से करीब 100 अरब डॉलर नीचे आ गया है। 17 जनवरी, 2022 को अपने उच्चतम स्तर पर सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) क्षेत्र की इस अग्रणी कंपनी का मूल्यांकन 200.15 अरब डॉलर था। मंगलवार को बाजार बंद होने पर इसका बाजार पूंजीकरण करीब 99 अरब डॉलर (~9.09 लाख करोड़ रुपये) था, जो निवेशकों की संपत्ति में भारी गिरावट दर्शाता है।

यह गिरावट भारतीय आईटी सेवा कंपनियों पर छाए अनिश्चितता के बादलों के बीच आई है। निवेशक पारंपरिक आउटसोर्सिंग मॉडल पर आर्टिफिशल इंटेलिजेंस (एआई) के संभावित प्रभाव का आकलन कर रहे हैं। हालांकि टीसीएस में संस्थागत और खुदरा निवेशकों की व्यापक हिस्सेदारी है, लेकिन 100 अरब डॉलर के नुकसान से सबसे बड़ा झटका प्रवर्तक टाटा संस को लगा है, जिसकी सॉफ्टवेयर निर्यातक कंपनी में 71.77 फीसदी हिस्सेदारी है।

अन्य कंपनियों की तरह टीसीएस के शेयरों के मूल्यांकन में भी भारी गिरावट आई है। वर्तमान में शेयर का 12 महीने का फॉरवर्ड पी/ई अनुपात लगभग 19 गुना है, जबकि अपने उच्चतम स्तर पर यह लगभग 40 गुना था। रुपये के लिहाज से शेयर अपने उच्चतम स्तर से करीब 45 फीसदी नीचे है।

अन्य प्रमुख आईटी कंपनियों के शेयरों में भी भारी गिरावट आई है। इन्फोसिस, एचसीएल टेक और विप्रो के शेयर अपने उच्चतम स्तर से क्रमशः 32 फीसदी से 44 फीसदी तक गिर गए हैं। निफ्टी आईटी इंडेक्स अपने उच्चतम स्तर से लगभग 35 फीसदी गिर चुका है, जबकि निफ्टी 50 में लगभग 8 फीसदी की गिरावट आई है।

रिलायंस इंडस्ट्रीज के बाद टीसीएस 200 अरब डॉलर के एमकैप का आंकड़ा पार करने वाली दूसरी भारतीय कंपनी थी। फिलहाल रिलायंस इंडस्ट्रीज ही एकमात्र ऐसी कंपनी है जो इस स्तर से ऊपर है। बाजार में आई गिरावट ने भारत में 100 अरब डॉलर के मार्केट कैप वाली कंपनियों के क्लब को भी छोटा कर दिया है और टीसीएस और आईसीआईसीआई बैंक इससे बाहर आ गई है। अब रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ही 100 अरब डॉलर से ज्यादा मार्केट कैप वाली कंपनियों की सूची में शामिल हैं।

First Published : March 10, 2026 | 10:28 PM IST