शेयर बाजार

टॉप कंपनियों की मार्केट वैल्यू में ₹3.12 लाख करोड़ की गिरावट, RIL को सबसे बड़ा झटका

पश्चिम एशिया तनाव, महंगे कच्चे तेल और कमजोर रुपये के दबाव में शेयर बाजार टूटने से शीर्ष 10 में शामिल 9 कंपनियों के बाजार पूंजीकरण में भारी गिरावट दर्ज की गई।

Published by
भाषा   
Last Updated- May 17, 2026 | 11:49 AM IST

Top 10 Valued Firms: पिछले सप्ताह शीर्ष 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से 9 के संयुक्त मार्केट कैप में 3.12 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई, जिसमें रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) को सबसे बड़ा नुकसान हुआ। पिछले सप्ताह 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 2,090.2 अंक यानी 2.7 प्रतिशत गिर गया, जबकि 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 532.65 अंक यानी 2.2 प्रतिशत टूट गया।

रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के SVP (रिसर्च) अजीत मिश्रा ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव, रुपये की लगातार कमजोरी और बढ़ती महंगाई की चिंताओं के बीच बाजार तीन सप्ताह के कंसोलिडेशन फेज से बाहर निकलते हुए गिरावट के साथ बंद हुए। कच्चे तेल की कीमतें 105 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंचने से आयातित महंगाई, राजकोषीय दबाव और कॉरपोरेट मार्जिन पर असर को लेकर चिंता बढ़ गई।

भारती एयरटेल ही फायदे में रही

शीर्ष 10 कंपनियों में केवल भारती एयरटेल ही फायदे में रही। रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप 1,34,445.77 करोड़ रुपये घटकर 18,08,420.81 करोड़ रुपये रह गया। SBI का मार्केट कैप 52,245.3 करोड़ रुपये घटकर 8,88,862.32 करोड़ रुपये हो गया। TCS का मार्केट कैप 47,415.04 करोड़ रुपये घटकर 8,19,062.65 करोड़ रुपये रह गया, जबकि बजाज फाइनेंस का मार्केट कैप 27,892.28 करोड़ रुपये घटकर 5,66,717.74 करोड़ रुपये पर आ गया।

एचडीएफसी बैंक का मार्केट कैप 20,630.01 करोड़ रुपये घटकर 11,82,069.25 करोड़ रुपये हो गया। आईसीआईसीआई बैंक का मार्केट कैप 14,290 करोड़ रुपये घटकर 8,92,385.39 करोड़ रुपये रह गया। लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) का मार्केट कैप 9,078.87 करोड़ रुपये घटकर 5,37,542.34 करोड़ रुपये रह गया, जबकि हिंदुस्तान यूनिलीवर का मार्केट कैप 3,970.8 करोड़ रुपये घटकर 5,33,592.18 करोड़ रुपये पर आ गया।

LIC का मार्केट कैप 2,182.12 करोड़ रुपये घटकर 5,05,367.32 करोड़ रुपये रह गया। हालांकि, भारती एयरटेल का मार्केट कैप 42,470.13 करोड़ रुपये बढ़कर 11,60,525.16 करोड़ रुपये पहुंच गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज सबसे मूल्यवान कंपनी बनी रही। इसके बाद एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, टीसीएस, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, हिंदुस्तान यूनिलीवर और एलआईसी का स्थान रहा।

First Published : May 17, 2026 | 11:49 AM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)