शेयर बाजार

Trent Q4FY26 Results: मुनाफा 26% बढ़कर ₹400 करोड़, ₹6 के डिविडेंड के साथ बोनस शेयर का भी तोहफा

मजबूत नतीजों के साथ कंपनी ने अपने शेयरधारकों के लिए डिविडेंड और बोनस शेयर, दोनों का ऐलान करते हुए उन्हें डबल फायदा देने की घोषणा की

Published by
अंशु   
Last Updated- April 22, 2026 | 5:09 PM IST

Trent Q4FY26 Results: टाटा ग्रुप की लाइफस्टाइल रिटेलर कंपनी ट्रेंट ने बुधवार को वित्त वर्ष 20225-26 की चौथी तिमाही के नतीजों का ऐलान किया। Q4FY26 में कंपनी का मुनाफा (कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट) 26 फीसदी बढ़कर 400 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। एक साल पहले की समान तिमाही में यह 318 करोड़ रुपये था। मजबूत नतीजों के साथ कंपनी ने अपने शेयरधारकों के लिए डिविडेंड और बोनस शेयर, दोनों का ऐलान करते हुए उन्हें डबल फायदा देने की घोषणा की।

Trent का रेवेन्यू19% बढ़ा

शेयर बाजार को दी सूचना में कंपनी ने बताया कि चौथी तिमाही में उसका ऑपरेशन से रेवेन्यू 19 फीसदी बढ़कर 5,028 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले की समान तिमाही में यह 4,216 करोड़ रुपये था।

Also Read: Tech Mahindra के नतीजे मजबूत, मुनाफा 16% उछला; AI और डील्स से ग्रोथ को मिला सहारा

डिविडेंड और बोनस शेयर का डबल बोनांजा

जुडियो और वेस्टसाइड जैसे रिटेल आउटलेट चलाने वाली ट्रेंट ने शेयरहोल्डर्स को डिविडेंड और और बोनस शेयर का डबल बोनांजा देने की घोषणा की है।

एक्सचेंज फाइलिंग में कंपनी ने 600% डिविडेंड देने की सिफारिश की है। इसका मतलब है कि ₹1 फेस वैल्यू वाले हर शेयर पर ₹6 डिविडेंड मिलेगा। हालांकि यह शेयरधारक की मंजूरी के अधीन है। अगर शेयरधारक मंजूरी देते हैं, तो 74वीं AGM के खत्म होने के 3 दिन बाद या उसके बाद यह पैसा दिया जाएगा।

इसके अलावा कंपनी 1:2 के रेशियो में बोनस शेयर देगी। यानी हर 2 शेयर पर 1 नया शेयर मिलेगा। इसके लिए भी शेयरधारकों की मंजूरी जरूरी है। रिकॉर्ड डेट बाद में बताई जाएगी। अगर बोनस शेयर जारी होते हैं, तो कुल शेयरों की संख्या बढ़ जाएगी। इसलिए प्रति शेयर डिविडेंड की राशि उसी हिसाब से थोड़ी कम कर दी जाएगी।

चुनौतियों के बीच मजबूत प्रदर्शन- नोएल टाटा

टाटा ग्रुप चेयरमैन नोएल एन. टाटा ने कहा कि मैक्रोइकोनॉमिक और भू-राजनीतिक चुनौतियों के बावजूद कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 में मजबूत प्रदर्शन किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे उपभोक्ता मांग में सुधार होगा। उन्होंने बदलती उपभोक्ता पसंद का जिक्र करते हुए कहा कि ट्रेंट लंबे समय के विकास के अवसरों को पकड़ने के लिए मजबूत लाइफस्टाइल ब्रांड पोर्टफोलियो बनाने पर फोकस कर रही है।

स्टार बिजनेस के बारे में उन्होंने बताया कि कंपनी के अपने ब्रांड अब कुल रेवेन्यू में 73% से ज्यादा योगदान दे रहे हैं। साथ ही, बड़े फूड और ग्रॉसरी बाजार का फायदा उठाने के लिए कंपनी स्टोर्स के विस्तार को तेज करेगी और ज्यादा भीड़भाड़ वाले इलाकों में अपनी मौजूदगी मजबूत करेगी।

First Published : April 22, 2026 | 4:53 PM IST