शेयर बाजार

Wipro Q4FY26 Results: मुनाफा 1.8% घटकर ₹3,501.8 करोड़, ₹15,000 करोड़ के शेयर बायबैक का ऐलान

शेयर बाजार को दी सूचना में कंपनी ने बताया कि मार्च तिमाही (Q4FY26) में उसका ऑपरेशन से रेवेन्यू 7.6 फीसदी बढ़कर 24,236.3 करोड़ रुपये हो गया

Published by
अंशु   
Last Updated- April 16, 2026 | 5:41 PM IST

Wipro Q4FY26 Results: देश की प्रमुख आईटी कंपनियों में से एक विप्रो ने गुरुवार को वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही के नतीजों का ऐलान किया। Q4FY26 में कंपनी का मुनाफा (नेट प्रॉफिट) 1.8 फीसदी घटकर 3,501.8 करोड़ रुपये रह गया। एक साल पहले की समान तिमाही में यह 3,569 करोड़ रुपये था। हालांकि तिमाही आधार पर कंपनी का मुनाफा 12.2 फीसदी बढ़ा है। इसके अलावा विप्रो ने 15,000 करोड़ रुपये के शेयर बायबैक की भी घोषणा की है।

Wipro का रेवेन्यू बढ़ा

शेयर बाजार को दी सूचना में कंपनी ने बताया कि मार्च तिमाही (Q4FY26) में उसका ऑपरेशन से रेवेन्यू 7.6 फीसदी बढ़कर 24,236.3 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले की समान तिमाही में यह 22,504.2 करोड़ रुपये था। वहीं, तिमाही आधार पर रेवेन्यू 2.8 फीसदी बढ़ा है, जो कि वित्त वर्ष 26 की तीसरी तिमाही में दर्ज किए गए 23,555.8 करोड़ रुपये से ज्यादा है।

पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में विप्रो ने 13,197.4 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया, जो FY25 के मुकाबले मामूली 0.47 फीसदी ज्यादा है। वहीं, FY26 में कंपनी का कुल रेवेन्यू 3.96 फीसदी बढ़कर 92,624 करोड़ रुपये रहा।

Also Read: Equity MFs का औसत AUM FY26 में 17% बढ़ा, फ्लेक्सी कैप बना निवेशकों की पहली पसंद

एक्सचेंज फाइलिंग के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी के बोर्ड ने 17 जुलाई 2025 और 16 जनवरी 2026 को हुई बैठकों में 11 रुपये का अंतरिम डिविडेंड घोषित किया था। इस अंतरिम डिविडेंड को ही वित्त वर्ष 2025-26 का अंतिम डिविडेंड माना जाएगा।

एआई फोकस से नई डील्स और ग्रोथ के मौके बढ़े

विप्रो के सीईओ और एमडी श्रीनि पल्लिया ने कहा, “एआई में हो रही प्रगति ग्राहकों की प्राथमिकताओं को बदल रही है और हमें उनके साथ मिलकर वैल्यू-ड्रिवन रिजल्ट देने के नए अवसर प्रदान कर रही है। एआई-फर्स्ट दुनिया में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए हम एआई नेटिव बिजनेस एंड प्लेटफॉर्म्स यूनिट के जरिए सर्विसेज-एज-ए-सॉफ्टवेयर मॉडल की ओर बढ़ रहे हैं। ओलाम ग्रुप के साथ हमारा रणनीतिक सौदा भी इस बात को दर्शाता है कि हम बड़े स्तर पर अवसरों को हासिल करने के लिए निर्णायक निवेश कर रहे हैं।”

₹15,000 करोड़ के शेयर बायबैक

विप्रो ने 30 मार्च 2025 को समाप्त तिमाही के वित्तीय नतीजों के साथ 15,000 करोड़ रुपये के शेयर बायबैक की भी घोषणा की। कंपनी के बोर्ड ने अपनी बैठक में प्रस्ताव को मंजूरी दी कि अधिकतम 60,00,00,000 पूरी तरह चुकता इक्विटी शेयर (कुल चुकता इक्विटी शेयर पूंजी का 5.7%) को वापस खरीदा जाएगा, जिसकी कुल राशि ₹15,000 करोड़ से अधिक नहीं होगी। हालांकि, यह प्रस्ताव कंपनी के शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन रहेगा।

विप्रो के शेयर गुरुवार को बीएसई पर 0.19 फीसदी बढ़कर 210.20 रुपये प्रति शेयर के भाव पर बंद हुए।

First Published : April 16, 2026 | 5:04 PM IST