बाजार

HDFC Mutual Fund द्वारा शेयर खरीदने के बाद रेस्टोरेंट्स ब्रांड एशिया के शेयर 5% चढ़े

HDFC Mutual Fund ने बर्गर किंग की पैरेंट कंपनी के 4.55 करोड़ शेयर खरीदे हैं

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- July 05, 2024 | 4:21 PM IST

रेस्टोरेंट्स ब्रांड एशिया के शेयर शुक्रवार को कारोबार के दौरान 5 प्रतिशत तक बढ़कर 113.92 रुपये प्रति शेयर पर पहुंच गए। यह कंपनी द्वारा भारतीय एक्सचेंजों को गुरुवार को किए गए बड़े सौदे की जानकारी देने के बाद आया।

बीएसई वेबसाइट के आंकड़ों के अनुसार, एचडीएफसी म्यूचुअल फंड ने बर्गर किंग की पैरेंट कंपनी के 4.55 करोड़ शेयर खरीदे हैं, जो कंपनी की कुल चुकाई गई पूंजी का लगभग 0.90 प्रतिशत है।

एचडीएफसी म्यूचुअल फंड ने गुरुवार को 110.46 रुपये प्रति शेयर की दर से रेस्टोरेंट्स ब्रांड एशिया के शेयर खरीदे, जिसकी कुल राशि 50.26 करोड़ रुपये है।

ख़बरों के मुताबिक, एचडीएफसी म्यूचुअल फंड ने इस छोटी कंपनी के शेयरों में उस वक्त निवेश किया, जब वैश्विक निवेशक गोल्डमैन सैक्स इंडिया इक्विटी पोर्टफोलियो अपनी हिस्सेदारी कम कर रहा था।

ऐसा बताया जा रहा है कि गोल्डमैन सैक्स इंडिया इक्विटी पोर्टफोलियो ने जून 2024 में कंपनी के कुल 88,57,188 शेयर बेचे हैं। इन शेयरों को दो किश्तों में बेचा गया – 25 जून को 47,97,361 शेयर 104.05 रुपये प्रति शेयर और 14 जून को 40,59,827 शेयर 105.53 रुपये प्रति शेयर के भाव पर बेचे गए। इस बिक्री से उन्हें कुल मिलाकर लगभग 92.76 करोड़ रुपये मिले।

बता दें कि रेस्टोरेंट्स ब्रांड एशिया, QSR एशिया की एक सब्सिडियरी है और भारत में राष्ट्रीय मास्टर फ्रेंचाइजी के रूप में बर्गर किंग ब्रांड चलाती है। कंपनी के पास पूरे भारत में बर्गर किंग रेस्टोरेंट खोलने और फ्रेंचाइजी देने का एक्सक्लूसिव अधिकार है।

First Published : July 5, 2024 | 4:21 PM IST