बाजार

Stock Market: शेयर बाजार में भारी गिरावट से निवेशकों की पूंजी 31 लाख करोड़ रुपये घटी

देश में आम चुनाव की मतगणना के रुझानों के मुताबिक भाजपा को लोकसभा में स्पष्ट बहुमत नहीं मिल रहा है।

Published by
भाषा   
Last Updated- June 04, 2024 | 7:55 PM IST

शेयर बाजार में मंगलवार को आई भारी गिरावट के चलते निवेशकों को 31 लाख करोड़ रुपये का भारी नुकसान हुआ है। इस दौरान बीएसई सेंसेक्स लगभग छह प्रतिशत टूट गया। देश में आम चुनाव की मतगणना के रुझानों के मुताबिक भाजपा को लोकसभा में स्पष्ट बहुमत नहीं मिल रहा है।

इसके चलते कारोबारियों की भावना कमजोर हुई। मंगलवार को बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 31,07,806.27 करोड़ रुपये घटकर 3,94,83,705.27 करोड़ रुपये रह गया। इससे पहले सोमवार को भारी तेजी के बाद इन कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 13,78,630.4 करोड़ रुपये बढ़कर 4,25,91,511.54 करोड़ रुपये हो गया था।

असित सी मेहता इन्वेस्टमेंट इंटरमीडिएट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख सिद्धार्थ भामरे ने कहा कि भाजपा के पूर्ण बहुमत से चूकने के बावजूद राजग अपने प्रमुख सहयोगियों के साथ नयी सरकार बना लेगा। हालांकि, शेयर बाजार भाजपा को पूर्ण बहुमत और राजग को भारी जीत मिलने की उम्मीद कर रहे थे।

उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, बाजार गठबंधन सरकार से जुड़ी चुनौतियों से वाकिफ है। अब चुनाव परिणाम एकतरफा नहीं रहे, इसलिए हम मुनाफावसूली देख रहे हैं।’’ उन्होंने अनुमान जताया कि मुनाफावसूली कुछ और समय तक जारी रह सकती है।

First Published : June 4, 2024 | 7:55 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)