Representative Image
Stock Market Closing Bell, February 13: वैश्विक बाजारों में जारी गिरावट का असर शुक्रवार (13 फरवरी) को भारतीय शेयर बाजार पर भी साफ दिखा और बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी-50 और सेंसेक्स 1 प्रतिशत से ज्यादा गिरकर बंद हुए। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के प्रभाव से आईटी स्टॉक्स में लगातार दबाव के चलते बाजार में गिरावट आई। इंडेक्स हैवीवेट रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL), आईसीआईसीआई बैंक और एचडीएफ़सी बैंक के शेयरों में बिकवाली ने भी बाजार को नीचे को नीचे की तरफ खींचा।
तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) बड़ी गिरावट के साथ 82,902 अंक पर खुला। खुलने के बाद इंडेक्स में गिरावट और बढ़ गई। अंत में यह 1048.16 अंक या 1.25 फीसदी की गिरावट लेकर 82,626.76 पर बंद हुआ।
इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) भी बड़ी गिरावट में खुला और खुलने के कुछ ही देर में 25,500 के लेवल से नीचे चला गया। अंत में यह 336.10 अंक या 1.30 फीसदी गिरकर 25,471 पर बंद हुआ।
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स में रिसर्च हेड विनोद नायर ने कहा, ”घरेलू शेयर बाजार एक बहुत उतार-चढ़ाव वाले कारोबार के बाद गिरावट के साथ बंद हुए। इसकी बड़ी वजह दुनिया के बाजारों से मिले कमजोर संकेत रहे, खासकर अमेरिका के आने वाले महंगाई के आंकड़ों से पहले निवेशक सतर्क दिखे। अमेरिका-भारत ट्रेड डील से जो सकारात्मक माहौल बना था, वह अब धीरे-धीरे खत्म होता नजर आ रहा है। इसकी वजह यह है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी नई चिंताओं ने बाजार में फिर से डर बढ़ा दिया है।”
उन्होंने कहा कि निवेशकों को चिंता है कि भारत की आईटी कंपनियां, जो बड़े पैमाने पर कम लागत वाले कर्मचारियों पर निर्भर हैं, उन्हें भविष्य में नैस्डैक की कंपनियों के मुकाबले ज्यादा कड़ी प्रतिस्पर्धा झेलनी पड़ सकती है। यह सतर्क माहौल पूरे बाजार में दिखा और इसका असर यह हुआ कि लगभग सभी बड़े इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए। ज्यादातर सेक्टरों में गिरावट रही।
बीएसई की कंपनियों में बजाज फाइनेंस और एसबीआई को छोड़कर लगभग सभी शेयरों में गिरावट रही। एचयूएल, आयशर मोटर्स, टाटा स्टील और टाइटन सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयरों में शामिल रहे। सेक्टर की बात करें तो निफ्टी मेटल इंडेक्स में सबसे ज्यादा गिरावट आई और यह 3% से ज्यादा टूट गया।
वहीं निफ्टी आईटी इंडेक्स पहले 5% से ज्यादा गिर गया था, लेकिन बाद में थोड़ी रिकवरी हुई और आखिर में 1.44% की गिरावट के साथ बंद हुआ।
ब्रॉडर मार्केट में भी कमजोरी रही। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 1.71% गिरा, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स 1.79% नीचे आया। इस बीच, बाजार की घबराहट मापने वाला इंडेक्स इंडिया VIX 15.18% उछल गया, जो बताता है कि बाजार में अनिश्चितता काफी बढ़ गई है।
एशियाई बाजारों में भी शुक्रवार को गिरावट का रुख देखने को मिला। अमेरिका में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी अनिश्चितताओं और टेक शेयरों में बिकवाली का असर वैश्विक बाजारों पर पड़ा है। जापान का निक्केई 225 करीब 1.69 प्रतिशत गिरा, दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.5 प्रतिशत नीचे रहा, जबकि ऑस्ट्रेलिया का एसएंडपी एएसएक्स 200 लगभग 1.3 प्रतिशत कमजोर हुआ।
अमेरिकी बाजारों में गुरुवार को जोरदार गिरावट दर्ज की गई। निवेशकों ने टेक्नोलॉजी शेयरों से दूरी बनाई, साथ ही आर्थिक आंकड़ों और कंपनियों के नतीजों का आकलन किया। एसएंडपी 500 में 1.57 प्रतिशत की गिरावट रही। नैस्डैक कंपोजिट 2.03 प्रतिशत टूटा, जबकि डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 1.34 प्रतिशत नीचे बंद हुआ।