बाजार

Stock Market Update: कमजोर तिमाही नतीजों से बाजार में गिरावट, 500 से ज्यादा अंक टूटा सेंसेक्स; निफ्टी 25000 के नीचे फिसला

Stock Market Today: रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसी दिग्गज कंपनियों के नतीजों से पहले निवेशक सतर्क रुख अपना रहे हैं।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- July 18, 2025 | 10:29 AM IST

Stock Market Update, July 18: एशियाई बाजारों से मिलेजुले संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार सप्ताह के लास्ट ट्रेडिंग सेशन यानी शुक्रवार (18 जुलाई) को गिरावट के साथ ओपन हुए। रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसी दिग्गज कंपनियों के नतीजों से पहले निवेशक सतर्क रुख अपना रहे हैं। साथ ही कंपनियों के तिमाही नतीजे कमजोर रहने की वजह से बाजार में गिरावट देखने को मिल रही है। इसके अलावा अमेरिका और भारत के बीच ट्रेड डील को लेकर किसी ठोस घोषणा से पहले बाजार में अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है।

तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex)आज करीब 70 अंक की गिरावट लेकर 82,193.62 पर ओपन हुआ। खुलते ही इंडेक्स में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। सुबह 10:30 बजे यह 505.15 अंक या 0.61 फीसदी की गिरावट लेकर 81,754.09 पर था।

इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 भी गिरावट के साथ 25,108.55 पर ओपन हुआ। खुलते ही यह 25100 के लेवल के नीचे चला गया। सुबह 9:25 बजे यह 159.85 अंक या 0.64 फीसदी गिरकर 24,951.60 पर कारोबार कर रहा था।

आज घरेलू शेयर बाजार यानी सेंसेक्स और निफ्टी की चाल कई फैक्टर्स से प्रभावित हो सकती है। इनमें कंपनियों के Q1 नतीजे, संस्थागत निवेश की दिशा, भारत का फॉरेन एक्सचेंज रिजर्व, इंडिया-US ट्रेड डील में प्रगति, जापान की महंगाई के आंकड़े, अमेरिका के इकोनॉमिक डेटा और ग्लोबल सेंटिमेंट्स शामिल हैं।

Top Losers & Gainers

सेंसेक्स की कंपनियों में एक्सिस बैंक, भारती एयरटेल, कोटक बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, इटरनल और बजाज फिनसर्व सबसे ज्यादा नुकसान में रहे। जबकि दूसरी तरफ, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा स्टील, पावर ग्रिड, टीसीएस, टाटा मोटर्स, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स बढ़त में थे।

13 प्रमुख सेक्टर्स में से दस ने शुरुआत में बढ़त दर्ज की। हालांकि, भारी भरकम वजन रखने वाले फाइनेंशियल और निजी बैंकों में क्रमशः 0.5% और 1.2% की गिरावट दर्ज की गई। एक्सिस बैंक के शेयर सबसे ज्यादा 5 फीसदी तक टूट गए। यह निफ्टी 50 में सबसे ज़्यादा नुकसान उठाने वाला शेयर रहा। ब्रोडर मार्केटस में निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स क्रमशः 0.18 प्रतिशत और 0.20 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।

ग्लोबल संकेत

एशियाई मार्केट्स में आज मिलाजुला रुख देखने को मिल रहा है। वॉल स्ट्रीट से मिले पॉजिटिव संकेतों के बाद निवेशकों का कॉन्फिडेंस बढ़ा है। अमेरिका में अच्छे कॉर्पोरेट रिजल्ट्स और मजबूत इकोनॉमिक डेटा ने ग्लोबल सेंटिमेंट को सपोर्ट किया है।

अमेरिका के मजबूत आंकड़े

जून 2025 में अमेरिका की रिटेल सेल्स में 0.6% की बढ़ोतरी हुई है, जो दो महीने की गिरावट के बाद आई है। मार्केट का अनुमान सिर्फ 0.1% की ग्रोथ का था। इसके अलावा, साप्ताहिक जॉबलेस क्लेम्स भी घटकर 2.21 लाख हो गए हैं, जो अप्रैल के बाद सबसे कम हैं। इससे पहले 2.35 लाख का अनुमान था।

एशियाई बाजार का हाल

  • ASX 200 (ऑस्ट्रेलिया): 0.69% की बढ़त के साथ रिकॉर्ड हाई पर

  • Nikkei (जापान): 0.20% की गिरावट

  • Topix (जापान): हल्की कमजोरी के साथ फ्लैट

  • Kospi (दक्षिण कोरिया): 0.4% की गिरावट

जापान की महंगाई में नरमी

जून में जापान की कोर इन्फ्लेशन घटकर 3.3% पर आ गई, जो मई में 3.7% थी। यह गिरावट अनुमान के मुताबिक रही और इसका कारण चावल की कीमतों में नरमी है। हेडलाइन इन्फ्लेशन भी 3.3% रही। हालांकि, बैंक ऑफ जापान द्वारा मॉनिटर की जाने वाली “कोर-कोर” इन्फ्लेशन (जो फ्रेश फूड और एनर्जी को छोड़कर होती है) थोड़ा बढ़कर 3.4% हो गई, जो मई में 3.3% थी।

वॉल स्ट्रीट पर तेजी जारी

  • S&P 500: 0.54% की बढ़त के साथ 6,297.36 पर

  • Dow Jones: 0.52% की तेजी के साथ 44,484.49 पर

  • Nasdaq: 0.7% की बढ़त के साथ 20,885.65 पर बंद

कल कैसी थी बाजार की चाल?

भारतीय शेयर बाजार गुरुवार, 17 जुलाई को कमजोरी के साथ बंद हुए। एशियाई बाजारों से मिले-जुले संकेतों और आईटी कंपनियों के कमजोर तिमाही नतीजों ने निवेशकों के सेंटीमेंट्स को प्रभावित किया। अप्रैल-जून तिमाही के रिजल्ट उम्मीद से कमजोर आने के चलते आईटी शेयरों में आज 3% तक की गिरावट देखने को मिली।

इसके अलावा, भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की टिप्पणियों और फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पॉवेल के कार्यकाल को लेकर जारी अनिश्चितता ने भी बाजार में सतर्कता बढ़ा दी।

बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) की शुरुआत हल्की बढ़त के साथ 82,753.53 पर हुई थी, लेकिन बाजार खुलते ही इसमें उतार-चढ़ाव देखने को मिला। ट्रेडिंग के दौरान सेंसेक्स गिरकर 82,219 अंक तक चला गया और आखिर में यह 375.24 अंक या 0.45% की गिरावट के साथ 82,259 पर बंद हुआ।

निफ्टी-50 (Nifty 50) की शुरुआत भी फ्लैट रही। यह 25,230.75 अंक पर खुला, लेकिन दिन के अंत तक इसमें कमजोरी आ गई और यह 100.60 अंक या 0.40% की गिरावट के साथ 25,111 पर क्लोज हुआ।

First Published : July 18, 2025 | 7:51 AM IST