बाजार

Stock Market: उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में सेंसेक्स 90 अंक चढ़ा

Stock Market: सेंसेक्स की कंपनियों में मारुति सुजूकी, नेस्ले, पावर ग्रिड, SBI, ITC, RIL, कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फाइनैंस और एशियन पेंट्स प्रमुख रूप से बढ़त में रहीं।

Published by
भाषा   
Last Updated- March 20, 2024 | 10:37 PM IST

Stock Market: वैश्विक बाजारों के मजबूत रुख के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईटीसी और एसबीआई के शेयरों में लिवाली से बुधवार को शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुए। हालांकि, रुपये में गिरावट और छोटी कंपनियों के शेयरों में बिकवाली दबाव से बाजार का लाभ सीमित रहा।

अत्यधिक उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स 89.64 अंक यानी 0.12 फीसदी की बढ़त के साथ 72,101.69 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 72,402.67 अंक के ऊपरी स्तर और 71,674.42 अंक के निचले स्तर को भी छुआ।

नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 21.65 अंक यानी 0.10 फीसदी की बढ़त के साथ 21,839.10 अंक पर बंद हुआ। इसके साथ घरेलू बाजार पिछले सत्र की बड़ी गिरावट से उबरने में सफल रहा। मंगलवार को सेंसेक्स 736.37 अंक गिरकर 72,012.05 अंक और निफ्टी 238.25 अंक फिसलकर 21,817.45 अंक पर बंद हुआ था।

सेंसेक्स की कंपनियों में मारुति सुजूकी, नेस्ले, पावर ग्रिड, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), आईटीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फाइनैंस, इंडसइंड बैंक और एशियन पेंट्स प्रमुख रूप से बढ़त में रहीं। दूसरी तरफ टाटा स्टील, ऐक्सिस बैंक, टाटा मोटर्स और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में गिरावट का रुख रहा।

जियोजित फाइनैंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘अनुकूल वैश्विक धारणा और मजबूत प्रत्यक्ष कर संग्रह से उत्साहित भारतीय बाजार बढ़त में रहे। विदेशी कोषों के प्रवाह और घरेलू संस्थागत निवेशकों के मजबूत रुख ने बाजार में तेजी को रफ्तार दी।’

First Published : March 20, 2024 | 10:18 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)