बाजार

Stock Market Today: आज खुला है बाजार, लेकिन जेब पर नहीं पड़ेगा कोई असर! NSE-BSE पर हो रही ट्रेडिंग, चेक करें डीटेल

Stock Market Today: शनिवार को खुला शेयर बाजार असल में मॉक ट्रेडिंग सेशन के जरिए सिस्टम टेस्टिंग के लिए संचालित किया गया, जिसमें असली लेन-देन नहीं हुआ।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- April 11, 2026 | 12:56 PM IST

शनिवार को बंद रहने वाला शेयर बाजार आज खुला दिखा, लेकिन यह कोई सामान्य ट्रेडिंग दिन नहीं है। National Stock Exchange और Bombay Stock Exchange पर आज मॉक ट्रेडिंग सेशन (Mock Trading Session) आयोजित किया गया है, जिसमें सिर्फ अभ्यास किया जा रहा है, असली पैसे का लेन-देन नहीं हो रहा।

क्यों खुला बाजार?

आमतौर पर वीकेंड पर शेयर बाजार बंद रहता है, लेकिन समय-समय पर एक्सचेंज अपने सिस्टम की जांच और अपग्रेड के लिए मॉक ट्रेडिंग सेशन आयोजित करते हैं। इसी कड़ी में 11 अप्रैल 2026 को यह सेशन रखा गया है, ताकि तकनीकी ढांचे की मजबूती और तैयारियों को परखा जा सके।

Also Read: NPS में पैसा लगा रहे हैं? ये 3 गलतियां कर दीं तो रिटायरमेंट प्लान हो सकता है बर्बाद

किन-किन सेगमेंट में हो रही है मॉक ट्रेडिंग?

आज का सेशन सिर्फ इक्विटी तक सीमित नहीं है। इसमें इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीट्स, करेंसी डेरिवेटिव्स और कमोडिटी डेरिवेटिव्स जैसे सभी प्रमुख सेगमेंट शामिल हैं। यानी पूरे मार्केट इकोसिस्टम को एक साथ टेस्ट किया जा रहा है।

सर्कुलर में क्या कहा BSE ने?

बीएसई ने अपने सर्कुलर में बताया कि शनिवार, 11 अप्रैल को खासतौर पर कमोडिटी डेरिवेटिव्स सेगमेंट के लिए मॉक ट्रेडिंग सेशन रखा गया है। एक्सचेंज ने ट्रेडिंग मेंबरों से अपील की है कि वे इस मौके का इस्तेमाल अपने ट्रेडिंग और रिस्क मैनेजमेंट सिस्टम की जांच के लिए करें।

सर्कुलर में यह भी कहा गया कि सदस्य अपने सॉफ्टवेयर और ट्रेडिंग एप्लिकेशन को टेस्ट कर सकते हैं। इसमें थर्ड पार्टी प्लेटफॉर्म या खुद के बनाए सिस्टम भी शामिल हैं। खासतौर पर रिस्क रिडक्शन मोड और ट्रेडिंग में किसी तरह की रुकावट जैसी स्थितियों को जांचने पर जोर दिया गया है।

NSE ने क्या दी अहम जानकारी?

एनएसई ने अपने सर्कुलर में यूनीक क्लाइंट कोड को लेकर अहम निर्देश जारी किए हैं। एक्सचेंज के मुताबिक, 11 अप्रैल को मॉक ट्रेडिंग के चलते यूसीसी सिस्टम 12 अप्रैल सुबह 10 बजे से आधी रात तक उपलब्ध नहीं रहेगा।

इस दौरान जो भी नया यूसीसी जोड़ा जाएगा या मौजूदा कोड में बदलाव किया जाएगा, वह अगले लाइव ट्रेडिंग सेशन के लिए मान्य नहीं होगा। ऐसे सभी रिकॉर्ड दिन के अंत तक सिस्टम से हटा दिए जाएंगे।

निवेशकों के लिए क्या जरूरी जानकारी?

एक्सचेंज की ओर से साफ कहा गया है कि इस दौरान किए गए किसी भी बदलाव का असर अगले ट्रेडिंग दिन पर नहीं पड़ेगा। खासतौर पर यूनीक क्लाइंट कोड में बदलाव बाद में मान्य नहीं होंगे, इसलिए ब्रोकर्स और ट्रेडर्स को इस दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मॉक ट्रेडिंग के बारे में

मॉक ट्रेडिंग एक तरह का प्रैक्टिस सेशन होता है, जिसमें ट्रेडर्स बाजार की असली परिस्थितियों जैसा अनुभव लेते हैं, लेकिन बिना किसी जोखिम के। यह नए निवेशकों के लिए सीखने और पुराने सिस्टम्स के परीक्षण के लिए बेहद उपयोगी माना जाता है।

कुल मिलाकर, आज का दिन बाजार के लिए एक टेस्टिंग डे है। यह निवेशकों के लिए कम और सिस्टम की मजबूती जांचने के लिए ज्यादा अहम है।

First Published : April 11, 2026 | 12:56 PM IST