बाजार

Stocks To Watch Today: Coal India से Sun Pharma तक, आज इन शेयरों में रह सकती है तगड़ी हलचल

Stocks To Watch Today: आज बाजार में Coal India, Airtel, Sun Pharma समेत कई शेयर बड़े अपडेट, डील्स और तिमाही नतीजों के चलते चर्चा में रहेंगे।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- May 27, 2026 | 7:36 AM IST

Stocks To Watch Today, May 27: भारतीय शेयर बाजार में आज कई कंपनियों के शेयर खबरों के चलते फोकस में रह सकते हैं। सरकारी हिस्सेदारी बिक्री, पूंजी जुटाने की योजना, बड़े ऑर्डर, मैनेजमेंट से जुड़े फैसले और तिमाही नतीजों के कारण निवेशकों की नजर इन कंपनियों पर बनी रहेगी।

Coal India में सरकार बेचेगी हिस्सेदारी

सरकार ने कोल इंडिया में 1 फीसदी हिस्सेदारी ऑफर फॉर सेल यानी OFS के जरिए बेचने का फैसला किया है। यह बिक्री 27 और 29 मई को होगी। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त 1 फीसदी हिस्सेदारी भी बेची जा सकती है। OFS के लिए फ्लोर प्राइस 412 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। इस खबर के बाद आज Coal India के शेयरों में हलचल देखने को मिल सकती है।

Canara Bank जुटा सकता है पूंजी

केनरा बैंक के बोर्ड की बैठक 2 जून को होने वाली है। इस बैठक में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए पूंजी जुटाने की योजना पर विचार किया जाएगा। बैंक की फंड रेजिंग रणनीति को लेकर निवेशकों की नजर इस बैठक पर रहेगी।

Sun Pharma की कैंसर दवा पर सकारात्मक डेटा

सन फार्मा ने बताया कि उसकी स्किन कैंसर की दवा Unloxcyt से जुड़े CK-301-101 ट्रायल के लंबे समय के नतीजे अमेरिका में होने वाली ASCO Annual Meeting में पेश किए जाएंगे।

कंपनी के अनुसार, ट्रायल में शामिल मरीजों में दवा का असर मजबूत और लंबे समय तक टिकाऊ देखा गया। लगभग 50 फीसदी मरीजों में सकारात्मक प्रतिक्रिया दर्ज की गई, जबकि कई मरीजों में कैंसर पूरी तरह नियंत्रित होने के संकेत भी मिले। कंपनी ने कहा कि दवा की सेफ्टी प्रोफाइल भी संतुलित रही।

Airtel ने नेट न्यूट्रैलिटी नियमों पर दी सफाई

भारती एयरटेल ने अपने प्रायोरिटी पोस्टपेड प्लान्स को लेकर उठे सवालों पर सरकार को जवाब दिया है। कंपनी का कहना है कि उसकी सेवाएं पूरी तरह ट्राई और दूरसंचार विभाग के नियमों के अनुरूप हैं।

एयरटेल ने स्पष्ट किया कि उसकी सेवा कंटेंट न्यूट्रल है और इसमें किसी तरह की ब्लॉकिंग, थ्रॉटलिंग या किसी विशेष सेवा को प्राथमिकता देने जैसी व्यवस्था नहीं है। कंपनी ने जरूरत पड़ने पर नेटवर्क डेटा साझा करने की भी पेशकश की है।

Prataap Snacks में प्रमोटर की हिस्सेदारी खरीद

प्रमोटर समूह की कंपनी Authum Investment & Infrastructure ने प्रताप स्नैक्स में 3.11 लाख शेयर खरीदे हैं। यह करीब 1.3 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर है। यह सौदा लगभग 31.26 करोड़ रुपये में हुआ।

वहीं दूसरी ओर प्रमोटर नवीन कुमार मेहता ने 1.52 लाख शेयर बेचे हैं, जिनकी कुल वैल्यू करीब 15 करोड़ रुपये रही।

Shree Refrigerations में बड़ी हिस्सेदारी बिक्री

महाराष्ट्र डिफेंस एंड एयरोस्पेस वेंचर फंड ने Shree Refrigerations के 2.5 लाख शेयर बेचे हैं। यह कंपनी की करीब 0.7 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर है। यह डील करीब 6.5 करोड़ रुपये में हुई।

Fino Payments Bank के अंतरिम CEO का कार्यकाल बढ़ा

आरबीआई ने फिनो पेमेंट्स बैंक के अंतरिम CEO केतन मर्चेंट का कार्यकाल तीन महीने के लिए बढ़ाने को मंजूरी दे दी है। यह विस्तार 27 मई से प्रभावी होगा।

Saatvik Green Energy को मिला बड़ा ऑर्डर

सात्विक ग्रीन एनर्जी को सोलर पीवी मॉड्यूल सप्लाई का 171.45 करोड़ रुपये का बड़ा ऑर्डर मिला है। यह ऑर्डर एक प्रमुख इंडिपेंडेंट पावर प्रोड्यूसर और EPC प्लेयर की ओर से मिला है। इस खबर से कंपनी के शेयरों में आज तेजी देखने को मिल सकती है।

आज आएंगे इन कंपनियों के Q4 Results

आज कई बड़ी और मिडकैप कंपनियां अपने मार्च तिमाही के नतीजे जारी करेंगी। इनमें Bata India, Physicswallah, Cello World, Concord Drugs, Aditya Infotech, Cummins India, GMR Airports, OnEMI Technology Solutions, PC Jeweller, PG Electroplast, Supriya Lifescience और Swan Defence and Heavy Industries शामिल हैं।

First Published : May 27, 2026 | 7:29 AM IST