प्रतीकात्मक तस्वीर | फाइल फोटो
खेती के लिए नैचुरल प्रोडक्ट्स, दवाइयां और ई-कॉमर्स से जुड़ी हैदराबाद की कंपनी टाइम्स ग्रीन एनर्जी (इंडिया) लिमिटेड ने अपने शेयरधारकों को बड़ा तोहफा देने का ऐलान किया है। कंपनी ने 1:1 में बोनस शेयर जारी करने का फैसला लिया है, जिसके लिए रिकॉर्ड डेट 24 मार्च 2026 तय कर की गई है। यानी इस तारीख तक जिनके पास कंपनी के शेयर होंगे, उन्हें हर एक पुराने शेयर पर एक नया बोनस शेयर मिलेगा।
यह ऐलान कंपनी ने एक BSE फाइलिंग में किया। SEBI के नियमों के मुताबिक, रिकॉर्ड डेट फिक्स करने के बाद शेयरधारकों की लिस्ट तैयार होगी। पोस्टल बैलट से शेयरधारकों ने इस प्रस्ताव को 100% मंजूरी दी थी, जो मार्च के मध्य में पूरा हुआ। कंपनी का कहना है कि यह बोनस पूरी तरह से रिजर्व से जारी होगा, जिससे शेयरधारकों को कोई अतिरिक्त खर्च नहीं उठाना पड़ेगा।
बोनस इश्यू का मतलब है कि कंपनी अपने मौजूदा शेयरधारकों को मुफ्त में अतिरिक्त शेयर दे रही है। यहां 1:1 रेशियो यानी हर शेयर के बदले एक और शेयर। मान लीजिए किसी के पास 100 शेयर हैं, तो बोनस के बाद उनके पास 200 शेयर हो जाएंगे। कुल शेयरों की संख्या दोगुनी हो जाएगी, लेकिन कंपनी का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन वैसा ही रहेगा, इसलिए शेयर की कीमत थ्योरी में आधी हो जाती है।
Also Read: Upcoming IPOs This Week: अगले हफ्ते इन 7 कंपनियों में पैसा लगाने का मौका, लिस्टिंग भी होगी दमदार
कंपनी पहले 27,87,200 शेयरों पर चल रही थी, जिनका फेस वैल्यू 10 रुपये है। बोनस के बाद यह संख्या बढ़कर 55,74,400 हो जाएगी। पेड-अप कैपिटल भी दोगुना होकर करीब 5.57 करोड़ रुपये पहुंच जाएगा। कंपनी के पास इसके लिए जरूरी रिजर्व मौजूद हैं। मार्च 2025 तक रिजर्व और सरप्लस लगभग 32.51 करोड़ रुपये थे, जो बोनस जारी करने की लागत के बराबर है। बोनस शेयर क्रेडिट का काम बोर्ड मीटिंग के बाद दो महीने के अंदर पूरा हो जाएगा। कंपनी ने कहा है कि अप्रैल 2026 के पहले हफ्ते तक यह प्रोसेस खत्म हो जाएगा।
इस खबर के बाद कंपनी के शेयर में गिरावट देखी गई थी। बीते शुक्रवार को कंपनी के शेयर BSE पर 4.99 फीसदी की गिरावट के साथ 84.46 रुपये पर बंद हुए थे। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयरों में 5.63 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है। हालांकि, पिछले एक साल, 2 साल और तीन साल में कंपनी ने क्रमश: 10.96 फीसदी, 17.57 फीसदी और 57.13 फीसदी का रिटर्न दिया है। कंपनी का मार्केट कैप अभी 23.54 करोड़ रुपये है।