बाजार

Vedanta की 4 नई कंपनियों की आज एंट्री, कौन बनेगा निवेशकों का नया फेवरेट?

डिमर्जर के बाद वेदांता से अलग होकर चार नई कंपनियां बनी हैं, जो आज शेयर बाजार में लिस्ट होंगी

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- June 15, 2026 | 7:53 AM IST

Vedanta Share Price: वेदांता लिमिटेड के शेयर सोमवार (15 जून) को निवेशकों के फोकस में हैं, क्योंकि कंपनी के डिमर्जर के बाद बनी चार नई कंपनियां आज बीएसई और एनएसई पर लिस्ट होने जा रही हैं। इस खबर के बीच शुक्रवार को वेदांता के शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली थी।

शुक्रवार को बीएसई पर वेदांता का शेयर 1.46 फीसदी की बढ़त के साथ 309.50 रुपये पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान शेयर 314 रुपये तक पहुंच गया था। एनएसई के आंकड़ों के मुताबिक, दिन के दौरान कंपनी के करीब 70 लाख शेयरों में कारोबार हुआ।

कौन-कौन सी कंपनियां होंगी लिस्ट?

डिमर्जर के बाद वेदांता से अलग होकर चार नई कंपनियां बनी हैं, जो आज शेयर बाजार में लिस्ट होंगी। इनमें वेदांता एल्युमिनियम मेटल (VAML), वेदांता ऑयल एंड गैस (VOGL), वेदांता पावर और वेदांता आयरन एंड स्टील (VISL) शामिल हैं।

शेयरधारकों को क्या मिला?

नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) ने पिछले साल दिसंबर में वेदांता के डिमर्जर को मंजूरी दी थी। मंजूर योजना के तहत कंपनी के शेयरधारकों को 1:1 अनुपात में नई कंपनियों के शेयर दिए गए हैं। यानी वेदांता के हर एक शेयर के बदले निवेशकों को चारों नई कंपनियों का एक-एक शेयर मिला है।

क्यों अहम है यह डिमर्जर?

बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि डिमर्जर से शेयरधारकों के लिए वैल्यू अनलॉक हो सकती है। अब सभी कंपनियां अपने-अपने कारोबार पर अलग से फोकस कर सकेंगी और जरूरत के मुताबिक पूंजी जुटा सकेंगी। इससे निवेशकों को भी अपनी पसंद के सेक्टर में सीधे निवेश करने का मौका मिलेगा।

क्या खरीदना चाहिए वेदांता का शेयर?

एसबीआई सिक्योरिटीज के फंडामेंटल रिसर्च हेड सनी अग्रवाल का कहना है कि डिमर्जर के बाद बची हुई वेदांता लिमिटेड में जिंक, सिल्वर और बेस मेटल कारोबार रहेगा। उनके मुताबिक, जिंक और सिल्वर कारोबार की मजबूत कमाई क्षमता को देखते हुए निवेशकों को वेदांता में निवेश बनाए रखना चाहिए। उन्होंने मध्यम से लंबी अवधि के लिए शेयर का फेयर प्राइस 320 रुपये से 330 रुपये के बीच बताया है।

टेक्निकल चार्ट क्या कहता है?

एंजेल वन के तकनीकी विश्लेषक राजेश भोसले के मुताबिक, वेदांता के शेयर ने हाल में एक पॉजिटिव चार्ट पैटर्न बनाया है, जो तेजी के संकेत देता है। उनके अनुसार 294 रुपये का स्तर शेयर के लिए अहम सपोर्ट बना हुआ है। जब तक शेयर इस स्तर के ऊपर बना रहता है, तब तक इसमें 325 रुपये से 330 रुपये तक की तेजी देखने को मिल सकती है।

निवेशकों की नजर आज की लिस्टिंग पर

बाजार की नजर अब आज होने वाली लिस्टिंग पर टिकी है। निवेशक यह देखना चाहेंगे कि अलग-अलग कारोबार वाली नई कंपनियों को बाजार किस तरह का वैल्यूएशन देता है और डिमर्जर के बाद वेदांता समूह के शेयरों में आगे कैसी चाल देखने को मिलती है।

First Published : June 15, 2026 | 7:53 AM IST