अन्य समाचार

Delhi Weather Update: हीट वेव के बीच दिल्ली पर मेहरबान हुआ मौसम, IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

Delhi Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में तेज आंधी और बारिश के बाद मौसम बदला, IMD ने 11 जून के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- June 10, 2026 | 10:46 AM IST

Delhi Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को जल्द राहत मिल सकती है। मंगलवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी, बिजली चमकने तथा कई इलाकों में बारिश की गतिविधियों ने तापमान में कुछ कमी महसूस कराई। इस बीच भारत मौसम विभाग (IMD) ने 11 जून के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

तेज आंधी और बारिश से बदला मौसम

मंगलवार शाम दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में तेज हवाएं चलीं और गरज-चमक के साथ बारिश हुई। पालम क्षेत्र में हवा की रफ्तार 111 किलोमीटर प्रति घंटा तक दर्ज की गई, जबकि पूसा इलाके में 48 किलोमीटर प्रति घंटा की अधिकतम गति से हवाएं चलीं। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन उमस बनी रही।

पिछले कुछ दिनों से दिल्ली-एनसीआर भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। लगातार ऊंचे तापमान के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है। हालांकि अधिकतम तापमान करीब 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

11 जून के बाद तापमान में आ सकती है गिरावट

आईएमडी के मुताबिक उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में 11 जून तक अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आने की संभावना है। ऐसे में अगले कुछ दिनों में गर्मी से राहत मिलने के संकेत मिल रहे हैं।

First Published : June 10, 2026 | 10:25 AM IST