प्रतीकात्मक तस्वीर | फाइल फोटो
ज़ी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज भारत में वैश्विक स्तर के 39 फुटबॉल टूर्नामेंट का प्रसारण करेगा। कंपनी ने इसके लिए फेडरेशन इंटरनेशनल डी फुटबॉल एसोसिएशन (फीफा) के साथ एक समझौता किया है। समझौते के तहत ज़ी एंटरटेनमेंट भारत में 39 वैश्विक फुटबॉल आयोजनों का प्रसारण करेगी जिनमें फीफा विश्व कप, 2026 और 2030 संस्करण, फीफा महिला विश्व कप 2027 और 2034 तक के अन्य अहम टूर्नामेंट शामिल हैं।
समझौते की वित्तीय शर्तों का खुलासा फिलहाल नहीं किया गया है। ज़ी एंटरटेनमेंट और फीफा के बीच यह समझौता 11 जून से शुरू हो रहे फीफा विश्व कप, 2026 से कुछ दिन पहले हुआ है।
ज़ी ने विज्ञप्ति में कहा, ‘खेल गतिविधियों के प्रसारण (लाइव ब्रॉडकास्ट) और अन्य बेहतरीन सामग्री के साथ कंपनी ने इन सभी प्रतिस्पर्द्धाओं के लिए वृत्त चित्र श्रृंखला (डॉक्यूमेंट सीरीज) के अधिकार भी हासिल कर लिए हैं। यह प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले देशों के समुदायों, सांस्कृतिक आयामों और प्रतिस्पर्द्धी भावना को उजागर करते हैं।’
कंपनी ने चार समर्पित खेल चैनलों यूनाइट8 स्पोर्ट्स 1, यूनाइट8 स्पोर्ट्स 1 एचडी, यूनाइट 8 स्पोर्ट्स 2 और यूनाइट 8 स्पोर्ट्स 2 एचडी की शुरुआत की भी घोषणा की। कंपनी ने कहा,‘यह निवेश फीफा के प्रमुख वैश्विक कार्यक्रमों को काफी फायदा पहुंचाएगा। इससे मैच न केवल पूरे देश में बल्कि सुदूर हिस्सों में देखे जाएंगे।’
इसके अलावा, कंपनी अपने ओवर-द-टॉप (ओटीटी) प्लेटफॉर्म ज़ी5 पर लाइव स्ट्रीमिंग भी उपलब्ध कराएगी और दर्शकों को अपनी पसंद की भाषा चुनने का विकल्प भी देगी।
फीफा के मुख्य कारोबार अधिकारी रोमी गाई ने कहा,‘फीफा विश्व कप दुनिया का सबसे बड़ा आयोजन है और हम इस वैश्विक आयोजन को भारत में लाने के लिए पहली बार ‘ज़ी’ के साथ साझेदारी कर बेहद खुश हैं। भारतीय बाजार फीफा के लिए रणनीतिक रूप से महत्त्वपूर्ण है क्योंकि इसमें युवा और उत्साही दर्शकों के कारण अपार संभावनाएं हैं।’
उन्होंने कहा,‘हमारा मानना है कि ‘ज़ी’ का व्यापक प्रसारण और डिजिटल वितरण तंत्र स्थानीय दर्शकों की गहरी समझ रखते हैं। यह विभिन्न प्लेटफॉर्म के जरिये भारत के हर कोने में फुटबॉल प्रशंसकों तक फीफा के रोमांचक टूर्नामेंट की पहुंच बढ़ाएंगे।’
कंपनी ने कहा कि प्रमुख वैश्विक खेल आयोजनों के लिए फीफा के साथ साझेदारी से ज़ी को दीर्घकालिक रणनीतिक फायदे मिलेंगे। इनमें खेल व्यवसाय के लिए एक मजबूत आधार करने के साथ पारंपरिक (लीनियर) और डिजिटल दोनों क्षेत्रों में ग्राहकों की संख्या बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
कंपनी ने यह भी कहा कि यह समझौता नए विज्ञापन खंड में नए क्षेत्रों तक पहुंच बना कर ब्रांड के साथ साझेदारियों को बढ़ावा देगा और उपभोक्ताओं के एक नए वर्ग तक पहुंच कर हर उपभोक्ता की मनोरंजन संबंधी जरूरत पूरा करेगा।
ज़ी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पुनीत गोयनका ने विज्ञप्ति में कहा,‘हम दुनिया के सबसे बड़े खेल आयोजनों में एक को भारतीय दर्शकों के सामने लाने के को लेकर उत्साहित हैं। फुटबॉल सभी क्षेत्रों और जनसांख्यिकी को जोड़ता है और मीडिया अधिकार हासिल करने और समर्पित खेल चैनल शुरू करने में किए गए निवेश इसकी दीर्घकालिक क्षमता में हमारे दृढ़ विश्वास को दर्शाता है।’
उन्होंने कहा कि ज़ी का नजरिया उन संपत्तियों में निवेश करना रहा है जहां उसे प्रासंगिकता और भविष्य में कारोबार विकास की संभावना दिखती है। उन्होंने आगे कहा, “फीफा के साथ हमारी साझेदारी हमें खेल के वास्तविक मूल्य को उजागर करने में सक्षम बनाएगी जो कारोबार विकास और मुनाफे से जुड़े हमारे नजरिये के साथ बिल्कुल फिट बैठता है। इस समझौते से फुटबॉल प्रशंसकों के बीच खेल का रोमांच भी बढ़ेगा।’
पिछले सप्ताह ज़ी के शेयर में 10 प्रतिशत से अधिक उछाल आई। शेयर में यह तेजी इस अटकल के बाद आई कि प्रमुख प्रसारण अधिकार हासिल करने के करीब है। शुक्रवार को कंपनी का शेयर 2.7 प्रतिशत बढ़कर 95.6 रुपये पर बंद हुआ जिससे कंपनी का मूल्यांकन लगभग 9,200 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।