टेक-ऑटो

Passenger Vehicle Sales : यात्री वाहनों की थोक बिक्री जनवरी में 14 प्रतिशत बढ़ी

जनवरी 2023 में थोक बिक्री 3,46,080 इकाई रही थी।

Published by
भाषा   
Last Updated- February 14, 2024 | 1:32 PM IST

यूटिलिटी वाहनों की मजबूत मांग के बीच घरेलू यात्री वाहन की थोक बिक्री जनवरी में सालाना आधार पर 14 प्रतिशत बढ़कर 3,93,074 इकाई हो गई। यह जनवरी में अभी तक दर्ज बिक्री का सर्वाधिक आंकड़ा है। उद्योग संगठन सियाम ने बुधवार को यह जानकारी दी।

जनवरी 2023 में थोक बिक्री 3,46,080 इकाई रही थी। वाहन कंपनियों के संगठन सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, दोपहिया वाहनों की थोक बिक्री जनवरी में सालाना आधार पर 26 प्रतिशत की बढ़त के साथ 14,95,183 इकाई रही।

जनवरी 2023 में थोक बिक्री 11,84,376 इकाई रही थी। सियाम के अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने कहा, ‘‘ सकारात्मक उपभोक्ता भावनाओं के बीच यात्री वाहन की बिक्री मजबूत बनी हुई है। दोपहिया वाहन खंड में जनवरी में अच्छी वृद्धि देखी गई और ग्रामीण बाजार में सुधार जारी है।’’

उन्होंने कहा कि हालांकि जनवरी 2024 में वाणिज्यिक वाहन क्षेत्र में वृद्धि नहीं हुई, लेकिन चालू वित्त वर्ष के अगले दो महीनों में इसमें अच्छी मांग की संभावना है। तिपहिया वाहनों की थोक बिक्री जनवरी में नौ प्रतिशत की वृद्धि के साथ 53,537 इकाई रही, जबकि जनवरी 2023 में यह 48,903 इकाई थी।

सियाम के महानिदेशक राजेश मेनन ने कहा, ‘‘ वित्त वर्ष 2023-24 में अप्रैल से जनवरी की अवधि में यात्री वाहनों और तिपहिया वाहनों की अब तक की सर्वाधिक बिक्री दर्ज की गई।’’

First Published : February 14, 2024 | 1:21 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)