Representational Image
Honda Cars India Plan: जापानी कार निर्माता होंडा कार्स की योजना भारत में 2030 तक 10 से ज्यादा नए मॉडल उतारने की है। इनमें इलेक्ट्रिक व्हीकल्स और कॉम्पैक्ट SUV भी शामिल हैं। कंपनी के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि कंपनी के भविष्य के ग्रोथ प्लान के लिए भारत तीन बड़े मार्केट में से एक है।
होंडा कार्स इंडिया लिमिटेड (HCIL) ने शुक्रवार को अपनी पॉपुलर हाइब्रिड सेडान सिटी का नया वर्जन लॉन्च किया है। कंपनी की इसकी शुरुआती कीमत 11.99 रुये है। साथ ही इस दौरान कंपनी ने भारत में अपनी प्रीमियम SUV ZR-V से पर्दा हटाया।
HCIL के प्रेसिडेंट एवं सीईओ माकाशी नाकाजिमा ने बताया कि कंपनी चालू वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में पहली फुल इलेक्ट्रिक व्हीकल लॉन्च करेगी। भारत में 2030 तक कितने मॉडल लॉन्च होंगे, इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ”हाल ही में कंपनी ने अपने दो नए लॉन्च कने का ऐलान किया है। यह लॉन्च दो कैटेगरी (सब-4 मीटर और मिडसाइज) में होंगे। पिछली बार जापान में हमने 10 मॉडल लॉन्च करने की बात कही थी लेकिन अब यह संख्या 10 से ज्यादा हो रही है।”
मौजूदा वित्त वर्ष कंपनी की योजना कुल 6 मॉडल लॉन्च करने की है। इसमें सिटी हाइब्रिड और ZR-V हाइब्रिड शामिल हैं। उन्होंने कहा कि नई होंडा सिटी की लॉन्च और ZR-V को अनवील करना बाजार में ग्रोथ को रफ्तार देने की शुरुआत है।
नाकाजिमा ने कहा कि होंडा की फ्यूचर ग्रोथ के लिए भारत शीर्ष- 3 प्राथमिकता वाले बाजारों में से एक है। नए प्रोडक्ट की दमदार पाइपलाइन से इसे बूस्ट मिलेगा। कंपनी का प्रयास मॉडलों की लागत को प्रतिस्पर्धी बनाए रखने पर होगा।
उन्होंने कहा कि छह स्ट्रैटेजिक लॉन्च के साथ 2026 होंडा के लिए एक लैंडमार्क साल है। यह कंपनी की प्रतिस्पर्धा को मजबूत करेगा और बाजार में ब्रांड की पकड़ दमदार बनाएगा।
होंडा मोटर कंपनी ने पिछले सप्ताह घोषणा की थी कि वह 2028 से भारतीय बाजार के लिए खासतौर से तैयार किए गए मॉडल पेश करना शुरू करेगी। साथ ही कंपनी अपने टू-व्हीलर कारोबार का इस्तेमाल ग्राहकों को पैसेंजर व्हीकल्स की ओर अपग्रेड करने के लिए करेगी। यह कदम कंपनी के ऑटोमोबाइल कारोबार के रीबिल्डिंग और भविष्य की रणनीति का हिस्सा है।
कंपनी ने भारत को उत्तरी अमेरिका और जापान के साथ अपने भविष्य के विकास के लिए प्राथमिक बाजारों में शामिल किया है और इन बाजारों में रणनीतिक रूप से संसाधन लगाने का फैसला किया है। 2028 से कंपनी भारतीय बाजार के लिए दो व्हीकल्स कैटेगरी में रणनीतिक मॉडल पेश करेगी। इनमें 4 मीटर से कम लंबाई वाले वाहन और मिड-साइज कैटेगरी शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि इस साल कंपनी भारत में ‘डबल डिजिट’ ग्रोथ का लक्ष्य लेकर चल रही है। एचसीआईएल अधिकारियों ने कहा कि कंपनी हैचबैक सेगमेंट में उतरने की योजना नहीं बना रही है और उसके सब-4 मीटर वाहन मुख्य रूप से कॉम्पैक्ट एसयूवी होंगे।
एजेंसी इनपुट के साथ