प्रतीकात्मक तस्वीर | फाइल फोटो
देश के ट्रैक्टर उद्योग ने वित्त वर्ष 26 में जोरदार वृद्धि दर्ज की है। अप्रैल-फरवरी (पहले 11 महीने) के दौरान घरेलू थोक बिक्री बढ़कर 10,57,038 तक पहुंच गई। यह पिछले वर्ष के 8,59,767 की तुलना में लगभग 23 प्रतिशत की वृद्धि है। ट्रैक्टर ऐंड मैकेनाइजेशन एसोसिएशन के आंकड़ों के अनुसार यह वृद्धि मुख्य रूप से जोरदार ग्रामीण मांग और पूरे वर्ष बेहतर रफ्तार के कारण संभव हुई। अनुकूल मॉनसून, बेहतर कृषि आय और प्रमुख कृषि इलाकों में बढ़ते मशीनीकरण ने इस बढ़ोतरी में मदद की औऱ इसने साल भर मांग को बरकरार रखा।
मार्च में यह रफ्तार विशेष रूप से तेज हुई, जो आम तौर पर ट्रैक्टर खरीद के लिहाज से अधिक बिक्री वाला महीना होता है। इस महीने में सीजन की अनुकूल और त्योहारी मांग ने खरीद की गतिविधियों को बढ़ावा दिया। इस वर्ष नवरात्र भी मार्च में थे, जबकि पिछले साल ये दो महीनों में बंटे हुए थे। इसने बिक्री को अतिरिक्त गति प्रदान की।
नतीजतन प्रमुख विनिर्माताओं ने इस महीने के दौरान दो अंकों में दमदार वृद्धि दर्ज की। महिंद्रा ऐंड महिंद्रा ने मार्च में ट्रैक्टरों की घरेलू बिक्री में 33 प्रतिशत की बढ़ोतरी हासिल करते हुए 43,403 वाहन बेचे और बाजार में बढ़त बनाई। कंपनी ने वित्त वर्ष 26 में अपनी अब तक की सबसे ज्यादा सालाना घरेलू बिक्री 5,05,930 वाहन दर्ज की।
यह पिछले साल के मुकाबले 24 प्रतिशत की बढ़ोतरी है। यह वृद्धि ग्रामीण क्षेत्र के दमदार मनोबल और विभिन्न इलाकों में निरंतर मांग के कारण हुई और पिछले वर्ष की तुलना में 24 प्रतिशत ज्यादा रही। टैफे ने मार्च में 37.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की और करीब 2,14,951 वाहनों की रिकॉर्ड वार्षिक बिक्री दर्ज की। कंपनी ने अपने प्रदर्शन का श्रेय मॉडलों के दमदार पोर्टफोलियो, किसानों के साथ गहरे जुड़ाव और बढ़ते मशीनीकरण को दिया, खास कर पहली बार उपयोग करने वालों के बीच।
सोनालिका ट्रैक्टर्स ने भी 1,80,504 की अपनी अब तक की सबसे अधिक वार्षिक बिक्री दर्ज की, जो घरेलू बाजारों में निरंतर मांग की रफ्तार और जोरदार बिक्री दर्शाती है। कंपनी ने अपनी वृद्धि की राह के प्रमुख संचालकों के रूप में वाहनों में नयापन पर ध्यान केंद्रित करने और पहुंच बढ़ाने को बताया। उद्योग के अधिकारियों ने विशेष रूप से अंतिम तिमाही में जलाशयों के बेहतर स्तर, ग्रामीण बाजारों में बेहतर पैसे और मजबूत त्योहारी मांग को विकास के प्रमुख संचालकों के रूप में भी इंगित किया।