टेक-ऑटो

मारुति सुजुकी का बड़ा निवेश: गुजरात प्लांट के पहले चरण में ₹10,189 करोड़ खर्च करेगी कंपनी

खोराज प्लांट में 2.5 लाख यूनिट सालाना क्षमता जोड़ी जाएगी, 2029 तक शुरू होने की उम्मीद

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- March 24, 2026 | 3:58 PM IST

मारुति सुजुकी इंडिया (MSI) ने मंगलवार को कहा कि वह गुजरात में अपने नए मैन्युफैक्चरिंग प्लांट के पहले चरण में 2.5 लाख यूनिट उत्पादन क्षमता स्थापित करने के लिए ₹10,189 करोड़ का निवेश करेगी। कंपनी ने बताया कि उसके बोर्ड ने गुजरात के खोराज इंडस्ट्रियल एस्टेट स्थित प्लांट में सालाना 2.5 लाख वाहनों की क्षमता जोड़ने के पहले चरण को मंजूरी दे दी है। यह देश में कंपनी का पांचवां मैन्युफैक्चरिंग प्लांट होगा।

मारुति सुजुकी ने शेयर बाजार को दी जानकारी में कहा कि इस प्लांट की पहली चरण की क्षमता 2029 तक जोड़ी जाएगी, जो बाजार की स्थिति पर निर्भर करेगी। कंपनी ने बताया कि पहले चरण में ₹10,189 करोड़ का निवेश किया जाएगा, जो आंतरिक संसाधनों से किया जाएगा।

2.5 लाख यूनिट सालाना क्षमता

कंपनी के अनुसार, इसमें 2.5 लाख यूनिट सालाना क्षमता वाले कार मैन्युफैक्चरिंग प्लांट के साथ-साथ भविष्य के प्लांट्स के लिए साझा इंफ्रास्ट्रक्चर और सुविधाओं पर भी निवेश शामिल है। फिलहाल कंपनी की कुल उत्पादन क्षमता करीब 24 लाख यूनिट सालाना है, जो गुरुग्राम, मानेसर, खरखौदा (हरियाणा) और हंसलपुर (गुजरात) में स्थित प्लांट्स में फैली हुई है। कंपनी के पास कुल 26 लाख यूनिट सालाना उत्पादन की क्षमता है। इसमें पहले का सुजुकी मोटर गुजरात यूनिट का उत्पादन भी शामिल है, जिसे कंपनी में विलय कर लिया गया है।

गुजरात में उत्पादन क्षमता बढ़ाने पर फोकस

ऑटोमेकर ने बताया कि उसकी मौजूदा उत्पादन क्षमता पूरी तरह उपयोग में है। इस साल जनवरी में कंपनी के बोर्ड ने गुजरात में उत्पादन क्षमता बढ़ाने और जमीन खरीदने के लिए ₹4,960 करोड़ के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। बोर्ड ने गुजरात इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (GIDC) से खोराज इंडस्ट्रियल एस्टेट में जमीन खरीदने को भी मंजूरी दी थी।

2024 में सुजुकी मोटर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष तोशिहिरो सुजुकी ने घोषणा की थी कि मारुति सुजुकी इंडिया गुजरात में अपना दूसरा मैन्युफैक्चरिंग प्लांट स्थापित करने के लिए ₹35,000 करोड़ का निवेश करेगी, जिसकी उत्पादन क्षमता 10 लाख यूनिट सालाना होगी।

First Published : March 24, 2026 | 3:58 PM IST