टेक-ऑटो

Ola Electric का नया दांव: S1 X+ में 5.2 kWh बैटरी, बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच लंबी रेंज पर फोकस

बीएसई को दी गई एक नियामकीय जानकारी में कंपनी ने बताया कि नया एस1 एक्स+ 5.2 केडब्ल्यूएच उसके स्वदेशी रूप से विकसित 4680 ‘भारत सेल’ द्वारा संचालित है

Published by
अंजलि सिंह   
Last Updated- April 13, 2026 | 11:27 PM IST

ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी ने सोमवार को अपने नए एस1 एक्स+ इलेक्ट्रिक स्कूटर को 5.2 किलोवॉट आवर बैटरी पैक के साथ पेश करने की घोषणा की। कंपनी का मकसद लंबी दूरी की इलेक्ट्रिक मोबिलिटी तक लोगों की पहुंच बढ़ाना है। हालांकि कंपनी को बढ़ते प्रतिस्पर्धी दबाव का सामना करना पड़ रहा है।

बीएसई को दी गई एक नियामकीय जानकारी में कंपनी ने बताया कि नया एस1 एक्स+ 5.2 केडब्ल्यूएच उसके स्वदेशी रूप से विकसित 4680 ‘भारत सेल’ द्वारा संचालित है, जो मास-मार्केट सेगमेंट में कंपनी की इन-हाउस बैटरी टेक्नोलॉजी के विस्तार का संकेत है।

4680 ‘भारत सेल’ एक इन-हाउस लिथियम-आयन सेल फॉर्मेट है, जिसका मतलब है कि कंपनी आयातित बैटरियों पर निर्भर रहने के बजाय बैटरी आपूर्ति श्रृंखला के ज्यादा हिस्से को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही है। अगर यह बड़े पैमाने पर सफल होता है, तो इससे विदेशी आपूर्तिकर्ता पर निर्भरता कम होगी और लागत एवं मार्जिन का भी प्रबंधन करने में मदद मिलेगी, जो कीमत के प्रति संवेदनशील बड़े बाजार में बहुत जरूरी है।

यह कृष्णागिरी में अपनी बैटरी इकाई में घरेलू स्तर पर निर्माण की अपनी लंबे समय से चली आ रही योजना के अनुरूप है। यह पेशकश ऐसे समय में हुई है, जब कड़ी प्रतिस्पर्धा और उपभोक्ताओं की बदलती पसंद के बीच ओला इलेक्ट्रिक भारत के इलेक्ट्रिक दोपयिा सेगमेंट में अपनी बाजार भागीदारी में गिरावट दर्ज
कर रही है।

1,29,999 रुपये की शुरुआती कीमत (जो 15 अप्रैल, 2026 तक मान्य है) के साथ, यह मॉडल मास-मार्केट सेगमेंट में पेश किया गया है।

First Published : April 13, 2026 | 11:24 PM IST