टेक-ऑटो

Royal Enfield का आंध्र प्रदेश में बड़ा दांव, ₹2200 करोड़ से बनेगा नया मैन्युफैक्चरिंग हब

तमिलनाडु के बाहर Royal Enfield का पहला बड़ा विस्तार, तिरुपति में बनेंगे प्लांट और वेंडर पार्क

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- May 07, 2026 | 4:28 PM IST

आयशर मोटर्स के स्वामित्व वाली मोटरसाइकिल निर्माता कंपनी रॉयल एनफील्ड आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले के सत्यवेदु में मैन्युफैक्चरिंग प्लांट और वेंडर पार्क स्थापित करने के लिए 2,200 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। यह तमिलनाडु के बाहर कंपनी की पहली बड़ी विस्तार परियोजना होगी। मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू की अध्यक्षता वाले स्टेट इन्वेस्टमेंट प्रमोशन बोर्ड (SIPB) ने इस परियोजना को मंजूरी दी है। इससे आंध्र प्रदेश के ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम को मजबूती मिलने के साथ लगभग 5,000 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

प्रोडक्शन क्षमता में 9 लाख यूनिट बढ़ेगी!

आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, राज्य सरकार ने इस परियोजना के लिए आंध्र प्रदेश-तमिलनाडु सीमा के पास सत्यवेदु मंडल के वनेल्लूरु और रल्लाकुप्पम गांवों में जमीन आवंटित की है। इस परियोजना से रॉयल एनफील्ड की मैन्युफैक्चरिंग क्षमता में करीब 9 लाख यूनिट का इजाफा होने की उम्मीद है। साथ ही इससे भारत की वैश्विक प्रीमियम मोटरसाइकिल मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में स्थिति और मजबूत होगी।

मुख्य मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के अलावा परियोजना में एक समर्पित वेंडर पार्क भी शामिल होगा, जिसका मकसद कंपनी के सप्लायर इकोसिस्टम को आंध्र प्रदेश में लाना और ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर के विकास को तेज करना है। परियोजना का पहला चरण 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि दूसरा चरण 2032 तक पूरा होने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें… Auto Stocks: Bajaj Auto या Hero MotoCorp? ब्रोकरेज ने बताया किस शेयर में ज्यादा दम

मैन्युफैक्चरिंग में बड़े निवेश लाने पर फोकस

इस बीच, आंध्र प्रदेश के आईटी मंत्री नारा लोकेश ने कहा कि राज्य सरकार इंफ्रास्ट्रक्चर सपोर्ट और नीतिगत औद्योगिक विकास के जरिए मोबिलिटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, रिन्यूएबल एनर्जी और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में बड़े निवेश आकर्षित करने पर फोकस कर रही है।

लोकेश ने कहा कि यह परियोजना दक्षिण आंध्र प्रदेश में औद्योगिक विकास को और गति देगी तथा राज्य को मैन्युफैक्चरिंग निवेश के पसंदीदा गंतव्य के रूप में मजबूत करेगी।

रॉयल एनफील्ड ने अप्रैल में बेची 1.13 लाख यूनिट

रॉयल एनफील्ड ने अप्रैल 2026 में कुल बिक्री में 31 प्रतिशत बढ़ोतरी दर्ज की। कंपनी ने अप्रैल 2026 में 1,13,164 यूनिट की बिक्री की, जबकि पिछले साल इसी महीने यह आंकड़ा 86,559 यूनिट था।

कंपनी की घरेलू बिक्री अप्रैल 2026 में बढ़कर 1,04,129 यूनिट रही, जो अप्रैल 2025 में 76,002 यूनिट थी। इस तरह घरेलू बिक्री में 37 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। हालांकि, कंपनी का निर्यात 14 प्रतिशत घटकर 9,035 यूनिट रह गया, जबकि अप्रैल 2025 में यह 10,557 यूनिट था। अप्रैल 2026 कंपनी ने Flying Flea C6 लॉन्च कर इलेक्ट्रिक मोबिलिटी क्षेत्र में पहला कदम रखा।

एजेंस इनपुट के साथ

First Published : May 7, 2026 | 4:28 PM IST