टेक-ऑटो

Two wheeler EV sales: सब्सिडी घटने के बावजूद फर्राटा भर रही इलेक्ट्रिक दो पहिया वाहनों की बिक्री

EV Two wheeler sales: चालू वित्त वर्ष 6 फरवरी तक ही ई-दो पहिया वाहनों की बिक्री पिछले वित्त वर्ष की कुल बिक्री को पार कर चुकी है।

Published by
रामवीर सिंह गुर्जर   
Last Updated- February 09, 2024 | 7:44 PM IST

देश में इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों (Electric two wheelers) की बिक्री रफ्तार पकड़ रही है। इन वाहनों पर मिलने वाली सब्सिडी कम होने का असर भी इनकी बिक्री पर नहीं पड रहा है। सब्सिडी कटौती के बावजूद इन वाहनों की बिक्री बढ़ रही है। चालू वित्त वर्ष के खत्म होने से पहले ही ई- दोपहिया वाहनों की बिक्री पिछले वित्त वर्ष में कुल बिके ई- दोपहिया वाहनों से आगे निकल गई है। चालू वित्त वर्ष में मई महीने में फेम—2 के तहत ई—दो पहिया वाहनों पर दी जाने वाली सब्सिडी में कटौती की गई थी।

चालू वित्त वर्ष में अब तक बिके 7.34 लाख ई-दो पहिया वाहन

वर्ष 2023—24 के दौरान ई— दोपहिया वाहनों की बिक्री खूब हो रही है। केंद्रीय भारी उद्योग राज्य मंत्री द्वारा राज्य सभा में दी गई जानकारी के अनुसार वर्ष 2023—24 में 6 फरवरी तक 7,34,760 ई—दो पहिया वाहन बिके/पंजीकृत हुए हैं, जबकि वर्ष 2022—23 के दौरान कुल 7,28,271 ई—दो पहिया वाहन पंजीकृत हुए थे।

जाहिर है अभी चालू वित्त वर्ष खत्म होने में डेढ़ महीने से अधिक समय बचा है, तब तक ही इस वित्त वर्ष पिछले वित्त वर्ष बिके कुल ई दो पहिया वाहनों से करीब एक फीसदी ज्यादा ई—दो पहिया वाहन बिक चुके हैं। इस वित्त मई महीने में पहली बार ई—दो पहिया वाहनों की बिक्री का आंकड़ा एक लाख को पार कर गया और मई 1,05,579 ई—दो पहिया वाहन बिके।

ई-दोपहिया वाहनों की बिक्री में महाराष्ट्र अव्वल

ई— दोपहिया वाहनों की बिक्री के मामले में महाराष्ट्र पहले पायदान पर है। वर्ष 2023—24 के दौरान इस राज्य में सबसे अधिक 1,43,647 ई—दोपहिया वाहन बिके। महाराष्ट्र के बाद 1,15,301 वाहनों के साथ कर्नाटक दूसरे नंबर पर रहा।

तमिलनाडु, गुजरात और केरल ऐसे राज्य रहे, जिनमें 50 हजार से अधिक ई—दो पहिया वाहन बिके। तमिलनाडु में 66,600, गुजरात में 64,183 और केरल में 52,100 ई—दोपहिया वाहन बिके। 48,852 वाहनों के साथ राजस्थान भी इन राज्यों के नजदीक ही रहा। सबसे ज्यादा जनसंख्या वाले उत्तर प्रदेश में 39,131 और देश की राजधानी दिल्ली में 31,098 ई—दोपहिया वाहन बिके।

ज्यादा बिक्री वाले 10 प्रमुख राज्य 2022-23 में कुल बिक्री 2023-24 में कुल बिक्री
महाराष्ट्र 1,38,816 1,43647
कर्नाटक 1,02,984 1,15,301
तमिलनाडु 65,770 66,600
गुजरात 75,703 64,183
केरल 44,433 52,100
राजस्थान 61,793 48,852
उत्तर प्रदेश 26,559 39,131
उड़ीसा 29,115 34,489
मध्य प्रदेश 27,034 32,895
दिल्ली 36,816 31,098

वर्ष 2023-24 के आंकड़े 6 फरवरी तक के हैं।

First Published : February 9, 2024 | 6:49 PM IST