कमोडिटी

बेमौसम बारिश और ओलों से 2.49 लाख हेक्टेयर रबी फसल बर्बाद, गेहूं पर सबसे ज्यादा असर: चौहान

कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि बेमौसम बारिश और ओलों से 2.49 लाख हेक्टेयर फसल प्रभावित हुई है। सरकार नुकसान का सर्वे कराकर किसानों को राहत देगी

Published by
भाषा   
Last Updated- April 10, 2026 | 10:09 PM IST

कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को कहा कि बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से अब तक 2.49 लाख हेक्टेयर में खड़ी रबी फसलों को नुकसान पहुंचा है, जिसमें सबसे अधिक गेहूं की खेती प्रभावित हुई है।

मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में ‘उन्नत कृषि मेला’ शुरू होने से पहले यहां संवाददाताओं से बातचीत में चौहान ने कहा कि असामान्य मौसम और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का तीन विभागों की ओर से सर्वेक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकारों से भी तुरंत नुकसान का आकलन करने को कहा गया है।

चौहान ने कहा कि आठ अप्रैल तक हुए नुकसान में गेहूं को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा है और इसके बाद आम और लीची जैसी बागवानी फसलें प्रभावित हुई हैं। उन्होंने आश्वासन दिया, ‘मोदी सरकार इस संकट में किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है।’

केंद्रीय कृषि मंत्री ने 5 अप्रैल को अधिकारियों को प्रभावित राज्यों में नुकसान की समीक्षा करने और राज्य सरकारों के साथ समन्वय करने का निर्देश दिया था। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों के कृषि मंत्रियों से भी परामर्श किया है।

First Published : April 10, 2026 | 9:57 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)