कमोडिटी

Akshaya Tritiya: गोल्ड के दाम चढ़े, फिर भी नहीं थमेगी खरीदारी, अक्षय तृतीया पर बनेगा नया रिकॉर्ड?

Akshaya Tritiya पर महंगे सोने के बावजूद ज्वेलरी बाजार में जोरदार मांग, ऑफर्स और वेडिंग सीजन से बिक्री को मिला बड़ा सहारा।

Published by
अक्षरा श्रीवास्तव   
Last Updated- April 15, 2026 | 9:02 AM IST

Akshaya Tritiya 2026: अक्षय तृतीया पर इस बार सोना महंगा जरूर है, लेकिन बाजार की चमक फीकी पड़ती नहीं दिख रही। त्योहार से पहले ही सोने के गहनों और सिक्कों की मांग लगातार बढ़ रही है।

ज्वेलरी कारोबारियों के मुताबिक ऊंची कीमतों के बावजूद बिक्री में अच्छी तेजी देखने को मिल रही है। पश्चिम एशिया में तनाव के दौरान सोने की कीमतों में तेज उछाल आया था, लेकिन हाल में आई थोड़ी गिरावट ने ग्राहकों की खरीदारी को फिर से बढ़ावा दिया है।

Saumen Bhaumik, मैनेजिंग डायरेक्टर, CaratLane के मुताबिक, इस अक्षय तृतीया पर बिक्री में दहाई अंकों की मजबूत बढ़त देखने को मिल सकती है। उन्होंने बताया कि ग्राहकों के बीच दो तरह का ट्रेंड साफ दिख रहा है। एक तरफ बड़ी संख्या में लोग हल्के और किफायती गहनों की खरीद कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर हाई स्पेंडिंग वाले ग्राहक महंगे और प्रीमियम ज्वेलरी जैसे सोलिटेयर सेट में निवेश कर रहे हैं।

इसके अलावा इस बार त्योहार रविवार को पड़ रहा है, जिससे वीकेंड का फायदा भी बाजार को मिल सकता है और बिक्री को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Akshaya Tritiya के मौके पर इस साल ज्वेलरी बाजार में जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है। ज्वेलरी कंपनियों का कहना है कि त्योहार के साथ शादी का सीजन शुरू होने से बिक्री को और बढ़ावा मिल रहा है।

कल्याण ज्वेलर्स के एमडी रमेश कल्याणरमन के मुताबिक, इस बार अक्षय तृतीया रविवार और सोमवार को पड़ रही है, जिससे खरीदारी का समय भी ज्यादा मिल रहा है। उन्होंने बताया कि पहले से ही बड़ी संख्या में प्री-बुकिंग हो चुकी है और शोरूम में रोजाना ग्राहकों की पूछताछ बढ़ रही है। खासतौर पर ब्राइडल ज्वेलरी और पारंपरिक शगुन के गहनों की मांग मजबूत रहने की उम्मीद है।

यह पढ़ें: सोना-चांदी में आगे क्या? उतार-चढ़ाव के बीच निवेशकों के लिए बड़ा संकेत

कंपनी ने क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स के साथ साझेदारी भी की है, जिसका फायदा सोने के सिक्कों की बिक्री में दिख रहा है। रमेश कल्याणरमन के अनुसार, शगुन के लिए गोल्ड कॉइन हमेशा पसंद किए जाते हैं और अब स्विगी इंस्टामार्ट जैसे प्लेटफॉर्म्स की वजह से लोग आखिरी समय में भी आसानी से खरीदारी कर पा रहे हैं।

दूसरी ओर, मॉल्स और रिटेल बाजारों में भी ग्राहकों की अच्छी भीड़ देखने को मिल रही है। नेक्सस सिलेक्ट मॉल्स के ऑपरेशंस हेड जयन नाइक ने बताया कि अक्षय तृतीया पर हर साल ज्वेलरी की डिमांड बढ़ती है और इस बार भी यही ट्रेंड देखने को मिल रहा है। सोने की कीमतें ऊंची होने के बावजूद लोगों की खरीदारी की इच्छा कमजोर नहीं पड़ी है। ग्राहकों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए मॉल्स में खास ज्वेलरी जोन भी तैयार किए गए हैं।

अब यह त्योहार सिर्फ सोना खरीदने तक सीमित नहीं रह गया है। डी बीयर्स के मार्केटिंग प्रमुख तोरंज मेहता का कहना है कि अक्षय तृतीया धीरे-धीरे एक बड़े ज्वेलरी शॉपिंग अवसर में बदल रहा है, जिसमें डायमंड और स्टडेड ज्वेलरी की मांग भी बढ़ रही है। खासकर युवा ग्राहक, जिनमें जेन जेड और मिलेनियल्स शामिल हैं, इस ट्रेंड को आगे बढ़ा रहे हैं।

ज्वेलरी बाजार में इन दिनों अच्छी रफ्तार देखने को मिल रही है। Kalyan Jewellers में रत्न और डायमंड जड़ी ज्वेलरी की मांग तेजी से बढ़ रही है। वहीं Senco Gold के एमडी और सीईओ सुवंकर सेन के मुताबिक, ग्राहक अब रोज पहनने के लिए हल्की गोल्ड, डायमंड और प्लेटिनम ज्वेलरी को ज्यादा पसंद कर रहे हैं।

यह पढ़ें: Akshaya Tritiya पर सोने की चमक पड़ी फीकी: सालभर में 60% बढ़े दाम, क्या अब भी निवेश करना समझदारी?

उन्होंने बताया कि सभी कैटेगरी में अच्छी मांग बनी हुई है। शादी के सीजन के लिए भी ग्राहकों की दिलचस्पी अभी से दिखने लगी है। खास बात यह है कि पुरुषों की ज्वेलरी की डिमांड भी तेजी से बढ़ रही है। कुल मिलाकर कंपनी को पिछले साल की तुलना में इस समय 15 से 20 प्रतिशत तक की ग्रोथ दिख रही है।

डिमांड को और बढ़ाने के लिए ज्वेलरी कंपनियां ग्राहकों को आकर्षक ऑफर्स भी दे रही हैं। CaratLane ने फेस्टिव ऑफर के तहत मेकिंग चार्ज पर 50 प्रतिशत तक की छूट और डायमंड की कीमत पर अतिरिक्त 15 प्रतिशत की फ्लैट छूट दी है। वहीं Kalyan Jewellers भी मेकिंग चार्ज पर 50 प्रतिशत तक की छूट दे रही है।

इसी तरह Indriya के सीईओ संदीप कोहली ने बताया कि ‘बड़ा शगुन, बड़े ऑफर्स’ अभियान के तहत ग्राहकों को मेकिंग चार्ज और डायमंड वैल्यू पर 35 प्रतिशत तक का फायदा मिल रहा है। साथ ही डबल गोल्ड रेट प्रोटेक्शन स्कीम में ग्राहक 25 प्रतिशत एडवांस देकर बुकिंग के समय और खरीद के समय के बीच कम कीमत वाले गोल्ड रेट का फायदा उठा सकते हैं।

First Published : April 15, 2026 | 9:01 AM IST