सरकार के आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि भारत में 1 मार्च से 30 मार्च के बीच बिजली की उपलब्धता अक्टूबर 2021 के बाद सबसे खराब रही है। मांग में बढ़ोतरी के कारण ऐसा हुआ है।
बिजली उत्पादक जरूरतें पूरी करने में सक्षम नहीं रहे हैं और कोयले के राष्ट्रीय भंडार में गिरावट की वजह से सरकार को अन्य क्षेत्रों की कोयला आपूर्ति रोकनी पड़ी है और जिन कंपनियों के साथ पहले से आपूर्ति का समझौता नहीं है, उनके लिए ईंधन की नीलामी रद्द करनी पड़ी है।
अक्टूबर में उत्तर भारत के कई राज्यों में घंटों तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ा था, जब कोयला की कमी की वजह करीब 5 साल में विद्युत की आपूर्ति सबसे खराब थी। ग्रिड नियामक पोसोको आंकड़ों के विश्लेषण से रॉयटर्स को पता चला है कि मार्च में बिजली आपूर्ति 57.4 करोड़ किलोवाट-घंटे कम थी। यह मात्रा कुल मांग की तुलना में 0.5 प्रतिशत है, जो अक्टूबर के 1 प्रतिशत की तुलना में आधी थी।
आंकड़ों से पता चलता है कि पूर्वी राज्य झारखंड और उत्तराखंड में कमी अक्टूबर की तुलना में ज्यादा रही। दक्षिण भारत के राज्य आंध्र प्रदेश और पर्यटकों के केंद्र गोवा में अक्टूबर में मामूली कमी थी, जहां मार्च में कई बार गंभीर कमी का सामना करना पड़ा।
आंकड़ों से पता चलता है कि उत्तरी राज्यों हरियाणा, राजस्थान और पंजाब और पूर्वी राज्य बिहार के कुछ इलाकों में अक्टूबर में व्यापक कटौती का सामना करना पड़ा था, जहां मार्च में भी बिजली संकट रहा, लेकिन पहले की तुलना में कम था।