केंद्रीय वाणिज्य मंत्रालय ने अधिक मात्रा में आयात वाले 102 उत्पादों की सूची जारी करते हुए संबंधित मंत्रालयों को इनके आयात में कमी लाने की दिशा में कदम उठाने की सलाह दी है।
मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को बताया कि घरेलू स्तर पर इन उत्पादों की क्षमता को बढ़ाकर आयात पर निर्भरता कम की जा सकती है। इसके लिए इन उत्पादों से संबंधित मंत्रालयों को जरूरी कदम उठाने को कहा गया है। इनमें मुख्य रूप से कोकिंग कोयला, मशीनरी उपकरण, रसायन एवं डिजिटल कैमरा शामिल हैं।
एक विश्लेषण के मुताबिक, इन उत्पादों के आयात में लगातार बढ़त का रुझान भी देखा गया है। लंबे समय तक ए उत्पाद आयात में ऊंची हिस्सेदारी रखते रहे हैं। मार्च-अगस्त 2021 की अवधि में ही इन 102 उत्पादों का आयात में कुल हिस्सा 57.66 फीसदी रहा है। अधिकारी ने कहा कि इन उत्पादों का घरेलू स्तर पर उत्पादन बढ़ाने के मौके हैं। इसके लिए वाणिज्य मंत्रालय ने संबंधित मंत्रालयों एवं विभागों को तत्काल कदम उठाने का सुझाव दिया है। सूची में शामिल 102 उत्पादों में से 18 की आयात में हिस्सेदारी अधिक होने के साथ उनकी उच्च आयात वृद्धि दर भी रही है।