प्रतीकात्मक तस्वीर | फोटो क्रेडिट: Pexels
LPG Commercial Cylinder New Price: नए साल में सरकार ने LPG ग्राहकों को राहत भरा तोहफा दिया है। आज से लिक्विड पेट्रोलियम गैस यानि रसोई गैस (LPG) की कीमतों में 14 रुपए 50 पैसे की कटौती की गई है। LPG गैस की नई कीमत 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर पर लागू होगी। हालांकि, 14 किलो वाले घरेलु LPG सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। LPG सिलेंडर की नई कीमत आज से ही पूरे देश में लागू होगी।
देश की राजधानी नई दिल्ली में आज से 19 किलो वाला कमर्शियल LPG सिलेंडर 1804 रुपए का मिलेगा। पहले इसकी कीमत 1818.50 रुपए थी। इसके अलावा कोलकाता में यह 1911 रुपए में मिलेगा। मुंबई में आज से कमर्शियल LPG सिलेंडर 1756 रुपए में मिलेगा। चेन्नई में कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में 14.5 रुपए की गिरावट देखने को मिली है और वहां इसकी कीमत 1,966 रुपए हो गए हैं.
सरकार ने घरेलू LPG सिलेंडर के दाम में साल 2025 में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है। 1 जनवरी 2025 को दिल्ली में घरेलू LPG सिलेंडर 803 रुपए का मिलता रहेगा। इसके अलावा घरेलू LPG सिलेंडर की मुंबई में 802.50 रुपए, चेन्नई में 818.50 रुपए और पटना में 892 रुपए ही रहेगी।
बता दें कि दिसंबर 2024 में कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम में 16.5 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। यह लगातार पांचवां महीना था, जब कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में इजाफा हुआ था। दिल्ली में कमर्शियल LPG गैस सिलेंडर की कीमतों में 172.5 रुपए की बढ़ोतरी देखने को मिली थी, जबकि कोलकाता और चेन्नई में कमर्शियल LPG गैस सिलेंडर के दाम में 171 रुपए का इजाफा देखा गया था। मुंबई कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम सबसे ज्यादा 173 रुपए बढ़े थे.