मंगलवार की बढ़ोतरी के बाद, पेट्रोल और डीजल की कीमतें अब मई 2022 के बाद से उच्चतम स्तर पर हैं। - फाइल फोटो
Petrol-Diesel Price Hike: देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। मंगलवार (19 मई) को तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दामों में करीब 90 पैसे प्रति लीटर तक का इजाफा किया। पिछले एक हफ्ते के भीतर यह दूसरी बार है जब ईंधन महंगा हुआ है। इससे आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ बढ़ने की संभावना है।
इससे पहले, बीते शुक्रवार को भी पेट्रोल और डीजल के दामों में करीब 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। लगातार बढ़ती कीमतों का असर अब परिवहन से लेकर रोजमर्रा की जरूरतों तक दिखाई देने लगा है।
फरवरी में शुरू हुए ईरान युद्ध के चलते दुनियाभर में कच्चे तेल की कीमतों में जबरदस्त तेजी आई है। इसको देखते हुए सरकारी खुदरा पेट्रोलियम कंपनियों ने अपने बढ़ते नुकसान का कुछ हिस्सा ग्राहकों पर डालने का फैसला किया। इससे पहले पश्चिम बंगाल समेत कुछ राज्यों में विधानसभा चुनावों के बीच ईंधन के दाम स्थिर रखे गये थे। अलग-अलग राज्यों में मूल्य वर्धित कर (VAT) में अंतर के कारण ईंधन कीमतें अलग-अलग हैं।
दिल्ली में पेट्रोल 98 रुपये के पार: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत बढ़कर 98.64 रुपये प्रति लीटर हो गई है। इससे पहले यहां पेट्रोल 97.77 रुपये प्रति लीटर बिक रहा था। वहीं डीजल की कीमत 90.67 रुपये से बढ़कर 91.58 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है।
मुंबई में भी बढ़े दाम: मुंबई में पेट्रोल 91 पैसे महंगा होकर 107.59 रुपये प्रति लीटर हो गया है। वहीं डीजल की कीमत में 94 पैसे की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिसके बाद यह 94.08 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया।
कोलकाता में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी: कोलकाता में पेट्रोल की कीमतों में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी देखने को मिली। यहां पेट्रोल 96 पैसे महंगा होकर 109.70 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं डीजल 94 पैसे बढ़कर 96.07 रुपये प्रति लीटर हो गया।
चेन्नई में भी महंगा हुआ ईंधन: चेन्नई में पेट्रोल की कीमत 82 पैसे बढ़कर 104.49 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है। वहीं डीजल 86 पैसे महंगा होकर 96.11 रुपये प्रति लीटर हो गया।
पेट्रोल-डीजल के अलावा CNG (कंप्रेस्ड नेचुरल गैस) की कीमतों में भी बीते 5 दिन में अब तक दो बार बढ़ोतरी हो चुकी है। पेट्रोल और डीजल के अलावा बीत शुक्रवार को दिल्ली और मुंबई सहित कई शहरों में 15 मई को सीएनजी (कंप्रेस्ड नेचुरल गैस) की कीमतों में दो रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई थी। वहीं, रविवार को सीएनजी की कीमत में फिर से एक रुपये प्रति किलोग्राम का इजाफा किया गया।
घरेलू खाना पकाने की गैस LPG की कीमत में मार्च में 60 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई, लेकिन यह अभी भी वास्तविक लागत से काफी कम है। तेल कंपनियों को 14.2 किलोग्राम LPG के एक सिलेंडर पर 674 रुपये का नुकसान हो रहा है।
अमेरिका और इजराइल के 28 फरवरी को ईरान पर किए गए हमले और तेहरान की जवाबी कार्रवाई के बाद वैश्विक तेल की आवाजाही के लिए महत्वपूर्ण रूट होर्मुज स्ट्रेट के बाधित होने से वैश्विक कच्चे तेल की कीमतें 50 फीसदी से अधिक की बढ़ चुकी हैं। इसके बावजूद, खुदरा ईंधन की दरें दो साल पुरानी दरों पर ही स्थिर रखी गईं।
सोमवार को पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा था कि 15 मई की वृद्धि से नुकसान में एक चौथाई की कमी आई है और तेल कंपनियां अब भी प्रतिदिन लगभग 750 करोड़ रुपये का नुकसान उठा रही हैं। मंगलवार की बढ़ोतरी के बाद, पेट्रोल और डीजल की कीमतें अब मई 2022 के बाद से उच्चतम स्तर पर हैं।
बता दें, ईंधन के दाम में अप्रैल 2022 से कोई कोई बढ़ोतरी नहीं हुई थी। हालांकि मार्च 2024 में लोकसभा चुनाव से ठीक पहले पेट्रोल और डीजल की कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर की कटौती की गयी थी। आखिरी बार कीमतों में वृद्धि अप्रैल 2022 में हुई थी।
इंडस्ट्री सूत्रों के अनुसार, कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि की तुलना में बढ़ाया गया मूल्य कम है। इसके बाद भी खुदरा ईंधन विक्रेताओं को काफी नुकसान उठाना पड़ेगा। क्रिसिल के अनुसार, तेल कंपनियों को 15 मई को मूल्य वृद्धि के बाद पेट्रोल पर लगभग 10 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 13 रुपये प्रति लीटर का नुकसान है। ये दोनों मूल्य वृद्धि मार्च में घोषित उत्पाद शुल्क कटौती के साथ ही सरकार के ईंधन की खपत को कम करने और देश के तेल आयात बिल को नियंत्रित करने के उपायों के साथ हुई है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम एशिया संकट के मद्देनजर विदेशी मुद्रा बचाने के लिए ईंधन के विवेकपूर्ण उपयोग, सोने की खरीद और विदेश यात्रा को स्थगित करने जैसे उपायों का आह्वान किया है। ऊर्जा की बढ़ती कीमतों से भारत के विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव पड़ रहा है और लगातार तीसरे वर्ष चालू खाते का घाटा बढ़ने का खतरा है। कुछ राज्य सरकारों ने पहले ही विभागों को यात्रा सीमित करने, आमने-सामने की बैठकों से बचने और कम कर्मचारियों के साथ कार्यालय चलाने के निर्देश दिए हैं।
प्राइवेट ऑयल रिटेलर्स ने पहले ही पेट्रोल की कीमतें बढ़ा दी थीं। देश की सबसे बड़ी प्राइवेट फ्यूल रिटेलर नायरा एनर्जी ने मार्च में पेट्रोल की कीमत में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 3 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की, जबकि शेल ने एक अप्रैल से पेट्रोल की कीमत में 7.41 रुपये और डीजल की कीमत में 25 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की। बेंगलुरु में शेल 119.85 रुपये प्रति लीटर और डीजल 123.52 रुपये प्रति लीटर पर बेच रही है।
भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतें हर दिन सुबह 6 बजे अपडेट की जाती हैं। इनकी कीमतों में बदलाव अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम और रुपये-डॉलर की विनिमय दर के आधार पर होता है।
अपने शहर में पेट्रोल-डीजल के ताजा रेट कैसे जानें?
आप SMS के जरिए आसानी से अपने शहर के पेट्रोल और डीजल के लेटेस्ट दाम पता कर सकते हैं।
उदाहरण के तौर पर, अगर आपको दिल्ली में पेट्रोल-डीजल का रेट जानना है, तो SMS करें: RSP 102090
कुछ ही सेकंड में आपको अपने शहर के पेट्रोल और डीजल के ताजा दाम SMS के जरिए मिल जाएंगे।
एजेंसी इनपुट के साथ