कमोडिटी

Summer crop sowing: दाल की महंगाई के बीच दलहन, तिलहन और धान की बोआई में हुआ इजाफा

Summer crop sowing: चालू समर सीजन में दलहन फसलों की बोआई जोर पकड़ रही है। इस सीजन की प्रमुख दलहन फसल मूंग है।

Published by
रामवीर सिंह गुर्जर   
Last Updated- April 05, 2024 | 6:06 PM IST

समर सीजन की फसलों की बोआई खूब हो रही है। चालू समर सीजन में दलहन, तिलहन फसलों के साथ ही धान के रकबा में बढ़ोतरी देखी जा रही है। दाल की महंगाई के बीच दलहन फसलों के रकबा में इजाफा होना उपभोक्ताओं के लिए अच्छी खबर है। चालू समर सीजन में धान का रकबा करीब 11 फीसदी बढ़कर 29.44 लाख हेक्टेयर दर्ज किया।

साल 2024 के समर सीजन में कितना बढ़ी दलहन फसलों की बोआई?

चालू समर सीजन में दलहन फसलों की बोआई जोर पकड़ रही है। इस सीजन की प्रमुख दलहन फसल मूंग है। 5 अप्रैल तक समर सीजन में 6.52 लाख हेक्टेयर में मूंग की बोआई हो चुकी है। पिछली समान अवधि में यह आंकड़ा 6.33 लाख हेक्टेयर था।

जाहिर है इस समर सीजन में मूंग का रकबा 3 फीसदी बढ़ा है। इस सीजन की दूसरी प्रमुख दलहन फसल उड़द के रकबा में 5.6 फीसदी इजाफा हुआ है। 5 अप्रैल तक 2.23 लाख हेक्टेयर में उड़द बोई जा चुकी है, जबकि पिछले साल इस तारीख तक 2.11 लाख हेक्टेयर में उड़द की बोआई हुई थी।

चालू समर सीजन में अब तक कुल दलहन की बोआई का आंकड़ा 8.97 लाख हेक्टेयर दर्ज किया गया, जो पिछली समान अवधि में 8.70 लाख हेक्टेयर में हुई कुल बोआई से 3.10 फीसदी ज्यादा है।

2024 के समर सीजन में कितने में हुई तिलहन फसलों की बोआई?

चालू समर सीजन में तिलहन फसलों के रकबा में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। इस सप्ताह तक 8.48 लाख हेक्टेयर में तिलहन फसलों की कुल बोआई हो चुकी है, जो पिछली समान अवधि में 8.26 लाख हेक्टेयर में बोई गई कुल तिलहन फसलों से ज्यादा अधिक है।

मूंगफली समर सीजन की सबसे बड़ी तिलहन फसल है। इस सप्ताह तक 3.89 लाख हेक्टेयर में मूंगफली की बोआई हो चुकी है। पिछली समान अवधि में यह आंकड़ा 3.77 लाख हेक्टेयर था।

चालू समर सीजन में तिल का रकबा पिछले साल के 4 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 4.10 लाख हेक्टेयर, सूरजमुखी का रकबा 3.57 फीसदी बढ़कर 0.29 लाख हेक्टेयर दर्ज किया गया।

First Published : April 5, 2024 | 6:06 PM IST