कमोडिटी

Summer Crop Sowing: समर सीजन की फसलों की बोआई बढ़ी, धान व मूंग के रकबा में भी इजाफा

Summer Crop Sowing: पिछले समर सीजन से इस समर सीजन में अब तक इन फसलों के रकबा में 8 फीसदी से ज्यादा इजाफा हुआ है। इन फसलों की बोआई खत्म होने कगार पर है।

Published by
रामवीर सिंह गुर्जर   
Last Updated- April 19, 2024 | 5:31 PM IST

किसान इस साल समर सीजन की फसलों की खूब बोआई कर रहे हैं। इस सीजन की प्रमुख फसलों में शामिल धान, मूंग, मक्का, बाजरा और मूंगफली की बोआई में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

पिछले समर सीजन से इस समर सीजन में अब तक इन फसलों के रकबा में 8 फीसदी से ज्यादा इजाफा हुआ है। इन फसलों की बोआई खत्म होने कगार पर है।

धान और मोटे अनाजों की बोआई बढ़ी

समर सीजन की सबसे बड़ी फसल धान 19 अप्रैल तक 29.80 लाख हेक्टेयर में बोई जा चुकी है, जो पिछली समान के आंकड़े 27.41 लाख हेक्टेयर से अधिक है। धान के साथ ही मोटे अनाज भी खूब बोये जा रहे हैं।

शुक्रवार को समाप्त सप्ताह तक 11.44 लाख हेक्टेयर में मोटे अनाज बोये जा चुके हैं। जो पिछली समान अवधि से 8.75 फीसदी ज्यादा हैं। मक्का का रकबा 8.59 फीसदी बढ़कर 6.33 लाख और बाजरा का रकबा 5.70 फीसदी बढ़कर 4.61 लाख हेक्टेयर हो गया।

2024 के समर सीजन में कितना बढ़ा दलहन फसलों का रकबा?

चालू समर सीजन में दलहन फसलों की बोआई ने भी खूब जोर पकड़ा। इस सीजन की प्रमुख दलहन फसल मूंग है। 19 अप्रैल तक समर सीजन में 10.36 लाख हेक्टेयर में मूंग की बोआई हो चुकी है। पिछली समान अवधि में यह आंकड़ा 9.42 लाख हेक्टेयर था। जाहिर है इस समर सीजन में मूंग का रकबा करीब 10 फीसदी बढ़ा है।

इस सीजन की दूसरी प्रमुख दलहन फसल उड़द के रकबा में 8.66 फीसदी इजाफा हुआ है। 19 अप्रैल तक 2.76 लाख हेक्टेयर में उड़द बोई जा चुकी है, जबकि पिछली समान अवधि में यह आंकड़ा 2.54 लाख हेक्टेयर था। चालू समर सीजन में अब तक कुल दलहन की बोआई का आंकड़ा 13.35 लाख हेक्टेयर दर्ज किया गया, जो पिछली समान अवधि में 12.24 लाख हेक्टेयर में हुई कुल बोआई से 9 फीसदी ज्यादा है।

2024 के समर सीजन में कितने में हुई तिलहन फसलों की बोआई?

चालू समर सीजन में तिलहन फसलों के रकबा में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। इस सप्ताह तक 9.88 लाख हेक्टेयर में तिलहन फसलों की कुल बोआई हो चुकी है, जो पिछली समान अवधि में 9.42 लाख हेक्टेयर में बोई गई कुल तिलहन फसलों से ज्यादा अधिक है।

मूंगफली समर सीजन की सबसे बड़ी तिलहन फसल है। इस सप्ताह तक 4.58 लाख हेक्टेयर में मूंगफली की बोआई हो चुकी है। पिछली समान अवधि में यह आंकड़ा 4.42 लाख हेक्टेयर था। चालू समर सीजन में तिल का रकबा पिछले साल के 4.46 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 4.74 लाख हेक्टेयर, सूरजमुखी का रकबा 1.7 फीसदी बढ़कर 0.33 लाख हेक्टेयर दर्ज किया गया।

First Published : April 19, 2024 | 5:31 PM IST