ट्राइडेंट समूह की वस्त्र निर्यातक कंपनी अभिषेक इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने अब रिटेल कारोबार में भी उतरने का फैसला किया है।
कंपनी घरेलू साज साज और उपयोग के सामान होमस्पेस ब्रांड के तहत बेचेगी।कंपनी ने 1999 में टेरी टॉवल का निर्यात शुरू किया था। उसके लगभग 9 वर्ष बाद उसने अपने इस प्रीमियम उत्पाद की बिक्री घरेलू बाजार में भी शुरू कर दी। उसने होमस्पेस का पहला रिटेल आउटलेट आज चंडीगढ़ में शुरू किया।
पहले चरण के तहत साल भर के भीतर कंपनी पूरे देश में लगभग 30 स्टोर खोलने की योजना बना रही है। उत्तर भारत में उसने 10 स्थान चुन लिए हैं, जिनमें 6 पंजाब में ही हैं।अभिषेक होम टेक्सटाइल्स, ट्राइडेंट ग्रुप के मुख्य कार्यकारी पी के मार्कंडेय ने बिजनेस स्टैंडर्ड को बताया कि अपने 3 साल में कंपनी 300 स्टोर खोल देगी। इसमें लगभग 200 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।
उन्होंने बताया, ‘कंपनी फ्रैंचाइज के जरिये भी विस्तार के लिए तैयार है। लेकिन ऐसा तभी होगा, जब उसे अच्छे साझेदार मिलते हैं। बहरहाल 300 स्टोर तो हम खुद ही खोलेंगे।’ कंपनी के होमस्पेस आउटलेट में तौलियों के अलावा पलंग की चादरें, घरेलू सामान, फ्लोर कवरिंग और सजावट का सामान मिलेगा। इसके अलावा वहां तुर्की और चीन से आयातित सामान भी बेचा जाएगा।
क्षमता में इजाफे की योजना पर भी कंपनी काम कर रही है। मध्य प्रदेश में भोपाल के निकट बुधनी में कंपनी 963 करोड़ रुपये के निवेश के साथ संयंत्र बना रही है।