भारत में फेसबुक, इंस्टाग्राम के 27 मिलियन पोस्ट के खिलाफ एक्शन
फेसबुक और इंस्टाग्राम की पेरेंट कंपनी Meta ने बताया की इस साल के जुलाई महीने में दोनों सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के 27 मिलियन पोस्ट के खिलाफ कार्रवाई की गई थी।
सोशल मीडिया कंपनी Meta ने बुधवार को अपनी मासिक रिपोर्ट पेश करते हुए कहा कि उसने भारत में जुलाई में फेसबुक और इंस्टाग्राम पर किये गए 2.7 करोड़ पोस्ट के खिलाफ कार्रवाई की थी। कंपनी ने इनफार्मेशन टेक्नोलॉजी नियम, 2021 के तहत फेसबुक पर 2.5 करोड़ पोस्ट और इंस्टाग्राम पर 20 लाख पोस्ट के खिलाफ कार्रवाई की।
फेसबुक पर 1.73 करोड़ स्पैम कंटेंट के खिलाफ कार्रवाई की गई है। जिसमे ‘वयस्क नग्नता और यौन गतिविधि’ से संबंधित 27 लाख पोस्ट और ‘हिंसक और ग्राफिक कंटेंट’ से संबंधित 23 लाख पोस्ट के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
Meta ने 9.98 लाख ‘खतरनाक संगठन और व्यक्तिगत आतंकवाद’ से संबंधित कंटेंट की पहचान की। जिसके बाद इससे संबधित 99.8 प्रतिशत पोस्ट्स के खिलाफ कार्रवाई की गई। रिपोर्ट के अनुसार, इंस्टाग्राम पर, मेटा ने पाया कि ज़्यादातर कंटेंट ‘आत्महत्या और खुद को चोट पहुंचाने’ वाले, ‘वयस्क नग्नता और यौन गतिविधि’ के साथ ही ‘हिंसक और ग्राफिक कंटेंट’ से संबंधित पोस्ट हैं।
कंपनी को फेसबुक पोस्ट से जुड़ी 626 शिकायतें और इंस्टाग्राम से 1,033 शिकायतें मिलीं थी। कंपनी ने ये भी बताया की उन्हें 185 यूज़र्स ने अपना अकाउंट हैक होने की शिकायत भी की है। इंस्टाग्राम पर कुल 705 लोगों ने अपने फर्जी प्रोफाइल के बारे में शिकायत की और उनमें से 639 के खिलाफ मेटा ने कार्रवाई की है।
साथ ही, 715 इंस्टाग्राम यूज़र्स ने अपना अकाउंट हैक होने की शिकायत की, जिसमे से 167 शिकायतों पर कार्रवाई की जा चुकी है।