अदाणी ट्रांसमिशन ने गुरुवार को कहा कि बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC) की अनुषंगी के साथ उसने 10.80 लाख स्मार्ट मीटर लगाने और उनकी देखरेख का करार किया है। सूत्रों ने बताया कि अदाणी ट्रांसमिशन की सहयोगी अदाणी इलेक्ट्रिसिटी मुंबई और BMC की सहयोगी बृहन्मुंबई बिजली आपूर्ति एवं परिवहन (बेस्ट) के बीच यह करार 1,300 करोड़ रुपये में हुआ है।
अदाणी इलेक्ट्रिसिटी उपनगरों में बिजली वितरण करती है। एक बयान में बताया गया कि हालिया करार के तहत कंपनी को 30 महीने के दौरान स्मार्ट मीटर लगाने हैं और इसके अगले 90 महीने तक इनकी देखरेख करनी है। इसमें बताया गया कि इस तरह के मीटर लगने पर उपभोक्ता अपनी खपत के बारे में ऑनलाइन जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और उसी के अनुसार कदम भी उठा सकेंगे। इसमें प्रीपेड बिलिंग तथा अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी।
अदाणी ट्रांसमिशन में वितरण (distribution) के मुख्य कार्यकारी कंदर्प पटेल ने कहा, ‘हमें भरोसा है कि हम समयबद्ध तरीके से और उम्मीदों के अनुरूप यह परियोजना पूरी कर सकेंगे जिससे बेस्ट की सहयोगी और उपभोक्ताओं को डिजिटलीकरण का पूरा-पूरा लाभ मिल सकेगा।’