दूरसंचार क्षेत्र में सॉल्यूशंस मुहैया कराने वाली नामी कंपनी टेक महिंद्रा को अमेरिका की एक प्रमुख कंपनी से 1,000 करोड़ रुपये से भी अधिक का ठेका मिला है। अमेरिकी कंपनी दूरसंचार क्षेत्र की है।
टेक महिंद्रा के अध्यक्ष (अंतरराष्ट्रीय परिचालन) सी पी गुरनानी ने बताया, ‘कंपनी को यह ठेका पांच साल के लिए मिला है। ठेके के एवज में टेक महिंद्रा को 25 करोड़ डॉलर की रकम मिलेगी। इस ठेके के तहत टेक महिंद्रा अमेरिकी कंपनी को प्रबंधन से संबंधित सभी प्रकार की सेवाएं प्रदान करेगी।’
इसके अलावा टेक महिंद्रा ने कुवैत की एक कंपनी से भी छोटा ठेका हासिल किया है। यह ठेका महज 63 करोड़ रुपये का है। भारतीय कंपनी दोनों ही ग्राहकों को एकीकृत एवं प्रबंधित सेवाएं प्रदान करेगी।