जर्मन दवा कंपनी बेयर ने गुर्दे के रोग के उपचार की अपनी दवा भारत में अमेरिका के मुकाबले काफी कम कीमत पर पेश की है। भारत में यह अमेरिका में बिकने वाली उसकी दवा की कीमत के 1/15 पर उपलब्ध होगी। यानी, कंपनी जो दवा अमेरिका में 100 रुपये में बेचती है, उसे भारत में करीब 6.50 रुपये में उपलब्ध कराएगी। भारत में उपचार के तहत उसके केरेंडिया (फिनरनॉन) ब्रांड नाम का खर्च प्रतिदिन 97.5 रुपये होगा। बेयर ने कहा है कि फिनरनॉन गैर-स्टेरॉयडल टाइप-2 मधुमेह से संबंधित गंभीर गुर्दा रोगियों के लिए नया है।
बेयर ने कहा है, ‘नए इंडियन क्रोनिक किडनी डिजीज (आईसीकेडी) अध्ययन में मधुमेह को भारत में गंभीर गुर्दा रोगों के मुख्य कारण के तौर पर चिन्हित किया गया है। मधुमेह के 40 प्रतिशत से ज्यादा रोगियों में गंभीर गुर्दे संबंधित समस्याएं पैदा हो जाती हैं। 7.4 करोड़ लोग भारत में मधुमेह से जूझ रहे हैं और वर्ष 2030 तक यह आंकड़ा बढ़कर 9.3 करोड़ हो जाने का अनुमान है, जिससे यह एक महामारी का रूप ले सकती है।’ भारत में मधुमेह से ग्रसित लोगों की संख्या चीन के बाद दुनिया में दूसरे स्थान पर है। बेयर इस दवा को अमेरिका में पेश करने के एक साल के अंदर भारत में ला रही है।