देश में एक बार इस्तेमाल होने वाले प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगने के साथ ही बेवरेज निर्माताओं की चिंता बढ़ गई है। बेवरिजेस निर्माताओं ने पेपर स्ट्रॉ आयात करने पर जोर दिया है और साथ ही वे निर्माण संयंत्रों पर पॉलि लैक्टिक एसिड (पीएलए) से बने कम्पोस्टेबल/बायोडिग्रेबल स्ट्रॉ को शामिल करने की प्रक्रिया में हैं।
हालांकि कंपनियों ने यह सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न उपायों का सहारा लिया है कि उत्पाद प्लास्टिक स्ट्रॉ के साथ नहीं बेचे जाएं। बेवरेज निर्माताओं के वितरकों के अनुसार, कुछ कंपनियों ने रिटेलरों और वितरकों से इन पैक को बगैर प्लास्टिक स्ट्रा के बेचने को कहा है, और कुछ ने बगैर स्ट्रॉ के ही व्यापार के लिए सीमित स्टॉक भेज दिया है। उन्होंने रिटेलरों और वितरकों को इन पैकेटों के साथ खुले पेपर स्ट्रॉ मुहैया कराए हैं।
डाबर इंडिया के कार्यकारी निदेशक (परिचालन) शाहरुख खान ने बिजनेस स्टैंडर्ड को बताया, ‘कंपनी ने इंटिग्रेटेड पेपर स्ट्रॉ के साथ रियल जूस पैक का उत्पादन पहले ही शुरू कर दिया है। हम सभी नियमों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं और यह सुनिश्चित करेंगे कि सभी पैक इंटिग्रेटेड पेपर स्ट्रॉ के साथ पेश किए जाएं।’
फ्रूटी जैसे पेय पदार्थों की बिक्री करने वाली पारले एग्रो ने भी नए दिशा-निर्देश को ध्यान में रखते हुए अपनी निर्माण इकाइयों पर बायोडिग्रेबल स्ट्रॉज का निर्माण शुरू किया है।