टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के चेयरमैन आर. चंद्रशेखरन ने कंपनी की 59वीं वार्षिक आम बैठक को संबोधित करते हुए शेयरधारकों को बताया कि मौजूदा कारोबारी वातावरण काफी अस्थिर बना हुआ है। उन्होंने कहा कि विभिन्न कारकों के कारण मुद्रास्फीति में लगातार वृद्धि हो रही है और महंगाई के कारण सभी श्रेणियों की मांग प्रभावित हो सकती है।
चंद्रशेखरन ने कहा कि मुद्रास्फीति को जिन कारकों से रफ्तार मिल रही है उनमें भू-राजनीतिक तनाव, आपूर्ति श्रृंखला संबंधी चुनौतियां और कच्चे तेल एवं कई अन्य जिंसों की मांग एवं आपूर्ति में अंतर शामिल हैं।
चंद्रशेखरन ने शेयरधारकों से कहा, ‘इस अनिश्चित माहौल में हम अल्पकालिक बाधाओं से निपटने के लिए मजबूत निष्पादन और फुर्ती पर लगातार ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। सबसे महत्त्वपूर्ण बात यह है कि हमें इस दौरान पैदा होने वाले अवसरों का लाभ उठाने पर ध्यान केंद्रित करना होगा।’
चंद्रशेखरन ने वैश्विक महामारी के कारण पैदा हुई चुनौतियों के बारे में बताते हुए कहा, ‘वैश्विक महामारी और हालिया भू-राजनीति घटनाओं के कारण पैदा हुई चुनौतियों के कारण वृहद परिवेश में काफी उतार-चढ़ाव दिख रहा है जो लोगों, अर्थव्यवस्थाओं और कारोबार पर व्यापक प्रभाव तौर पर प्रभावित कर रहा है। इससे कारोबारी माहौल में काफी अस्थिरता बरकरार है।’
हालांकि अप्रत्याशित चुनौतियों ने कंपनी के लिए नए तरीके से सोचने, चुस्त रहने और भविष्य के तैयार रहने का अवसर भी पैदा किया है। उन्होंने कहा कि इसी नजरिये के कारण कंपनी को कुल मिलाकर दमदार प्रदर्शन करने में मदद की है। कंपनी अपना वितरण नेटवर्क बढ़ा रही है। इसके अलावा वह अपने पोर्टफोलियो को भी बढ़ा रही है और कंपनी अब जल पर भी ध्यान केंद्रित करेगी। फिजलहाल देश में उसकी पहुंच 20.1 करोड़ से अधिक परिवारों तक है और वह 26 लाख से अधिक आउटलेट्स को आपूर्ति करती है।
चंद्रशेखरन ने कहा कि विलय-अधिग्रहण के जरिये विस्तार पर जोर देगी। उन्होंने कहा, ‘हम जल के मोर्चे पर और फूड एवं बेवरिजेस के मोर्चे पर भी अपना पोर्टफोलियो और वितरण नेटवर्क के विस्तार पर ध्यान केंद्रित करेंगे। ऐसा अधिग्रहण के जरिये भी किया जा सकता है।’ उन्होंने कहा कि कंपनी पहले भी बता चुकी है कि विलय-अधिग्रहण के जरिये विस्तार उसकी एक प्रमुख रणनीति रहेगी।
टाटा कंज्यूमर अपने आरऐंडडी बजट में भी वृद्धि करेगी। पिछले साल कंपनी ने इस मद में 23 करोड़ रुपये का बजट रखा था जबकि इस साल का बजट 30 करोड़ रुपये का है। कंपनी भविष्य में भी अपने आरऐंडडी बजट में विस्तार जारी रखेगी।