सुबह के शुरुआती घंटों में जब शहर नींद के आगोश में होता है, तो फ्लिपकार्ट के डिलिवरी कर्मचारी राहुल सिंह (बदला हुआ नाम) अपनी डिलिवरी शुरू करने के वास्ते अपनी मोटरसाइकिल दौड़ा रहे होते हैं। वह एक पल का आराम किए बिना घर-घर जाते हैं और पिछला पैकेट देने से पहले ही अगले ग्राहक को फोन भी करते रहते हैं।
ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म की द बिग बिलियन डेज सेल के बीच फ्लिपकार्ट के ऐसे कई डिलिवरी कर्मचारियों में शुमार राहुल के लिए यह एक सामान्य दिन था। सिंह ने कहा कि सेल शुरू होने से पहले हम एक दिन में 60 से 80 ऑर्डरों की डिलिवरी कर रहे थे। जब सेल शुरू हुई, तो हम हर रोज करीब 100 से 120 ऑर्डरों की डिलिवरी कर रहे थे। ज्यादातर दिन हमने सुबह जल्दी ही काम करना शुरू कर दिया था और रात 11 या 12 बजे तक डिलिवरी कर रहे थे।
डिलिवरी एक्जीक्यूटिवों द्वारा चौबीसों घंटे काम करने के बावजूद ऑर्डर डिलिवरी करने में देर होने के मामलों में इजाफा हो रहा है। फ्लिपकार्ट और एमेजॉन की त्योहारी सीजन की सेल के दौरान ऑर्डर देने वाले कई ग्राहकों को 20 से 25 दिनों के बाद ऑर्डर मिलने की उम्मीद है।
इस देर के लिए त्योहारी सीजन में उपभोक्ताओं की अपेक्षा से अधिक मांग को जिम्मेदार ठहराया जा सकता है। इस देर के बारे में पूछे जाने पर फ्लिपकार्ट के प्रवक्ता ने कहा कि हालांकि हमने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर टिप्पणियां देखी हैं, लेकिन हम वास्तविक ग्राहकों को उन समस्याओं का समाधान उपलब्ध कराने पर पर अपने प्रयास केंद्रित कर रहे हैं, जिनका सामना उन्हें करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि औसतन हम हर महीने 10 करोड़ डिलिवरी करते हैं।