देश की दिग्गज रसायन कंपनियों में से एक गुजरात हेवी केमिकल्स (जीएचसीएल) के नियंत्रण को लेकर मतभेद उभर कर सामने आ गया है।
कंपनी की सितंबर में होने वाली सालाना आम बैठक से पहले कई बड़े निवेशकों ने इस बात की पुष्टि की है कि 12 सितंबर को होने वाली कंपनी की इस बैठक में यह अहम मुद्दा होगा। अन्य मुद्दों में संजय डालमिया और नीलाभ डालमिया, अनुराग डालमिया के बेटे की निदेशकों के रूप में दोबारा नियुक्ति का मुद्दा भी शामिल होगा।
अनुराग और संजय डालमिया संस्थापक विष्णु हरि डालमिया के पुत्र हैं और जीएचसीएल में इनकी क्रमश: 22 फीसदी और 18.5 फीसदी हिस्सेदारी है। कंपनी में हिस्सेदारी के लिए जिन निवेशकों से संपर्क किया गया उनमें दिल्ली की प्रानिधी वेंचर्स के प्रमोटर एवं निदेशक प्रमोद जैन भी शामिल हैं।
जैन ने इसी महीने जीएचसीएल में अपनी हिस्सेदारी 5.5 फीसदी से बढ़ा कर 7.5 फीसदी की है। जैन ने बताया कि उनसे इस बारे में संपर्क किया गया था, लेकिन उन्होंने कंपनी में हिस्सेदारी की तलाश करने वाले यानी प्रॉक्सी सीकर के नाम का खुलासा नहीं किया है।