इंडिया ग्रिड ट्रस्ट (इंडिग्रिड) और कनाडा की सीपीपी इन्वेस्टमेंट व ब्रुकफील्ड ग्लोबल ऐसेट मैनेजमेंट ने दो ट्रांसमिशन परियोजनाएं खरीदने में दिलचस्पी दिखाई है, जिसे स्टारलाइट पावर ट्रांसमिशन और ऑस्ट्रेलिया की एएमपी कैपिटल ने विकसित किया है। संयुक्त रूप से इसकी एंटरप्राइज वैल्यू 3,500 से 4,000 करोड़ रुपये है। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों ने कहा, संयुक्त उद्यम ने लकाडिया वड़ोदरा ट्रांसमिशन प्रोजेक्ट और उडुपी कासरगोड ट्रांसमिशन प्रोजेक्ट को बेचने के लिए स्टैंडर्ड चार्टर्ड को सलाहकार नियुक्त किया है। दोनों परियोजनाओं की संयुक्त लंबाई करीब 600 किलोमीटर है।
सूत्रों ने कहा, देसी व विदेशी खरीदारों ने दोनों ट्रांसमिशन परियोजनाओं में दिलचस्पी दिखाई है और इन निवेशकों में सीपीपी इन्वेस्टमेंट्स, ब्रुकफील्ड और इंडिग्रिड शामिल हैं। इंडिग्रिड एक पावर ट्रांसमिशन ट्रस्ट है, जिसे प्राइवेट इक्विटी निवेशक केकेआर और सिंगापुर की राष्ट्रीय निवेशक जीआईसी का समर्थन हासिल है।
स्टरलाइट पावर की कभी इसमें हिस्सेदारी थी और इंडिग्रिड के पास ट्रांसमिशन परियोजना की बिक्री पर पहले इनकार का अधिकार था।
सीपीपी एक कॉरपोरेशन है, जिसका गठन कनाडा पेंशन प्लान इन्वेस्टमेंट बोर्ड ऐक्ट के तहत कनाडा पेंशन प्लान के फंडों का निवेश करना और उसकी देखरेख करने के लिए हुआ है। ब्रुकफील्ड ऐसेट मैनेजमेंट इंक कनाडा की बहुराष्ट्रीय कंपनी है। यह दुनिया की सबसे बड़ी वैकल्पिक निवेश प्रबंधन कंपनी है, जिसकी प्रबंधनाधीन परिसंपत्तियां साल 2022 में 725 अरब डॉलर से ज्यादा है। ये तीनों कंपनियां और स्टरलाइट पावर ने इस बारे में जानाकरी के लिए भेजे गए ईमेल का जवाब नहीं दिया।
एक ओर जहां लकाडिया वडोदरा ट्रांसमिशन प्रोजेक्ट का परिचालन अगले महीने शुरू हो सकता है, वहीं उडुपी कसारगोड ट्रांसमिशन प्रोजेक्ट का अगले साल के मध्य में।