आईटीसी इन्फोटेक अगले पांच साल के दौरान डीएक्सपी सर्विसेज से 50 करोड़ डॉलर का राजस्व कमाना चाहती है। डीएक्सपी अमेरिकी सॉफ्टवेयर एवं सेवा कंपनी पीटीसी के अधिग्रहण के जरिये गठित की गई इकाई है।
पिछले महीने आईटीसी इन्फोटेक ने घोषणा की कि वह पीटीसी के प्रोडक्ट लाइफसाइकल मैनेजमेंट (पीएलएम) क्रियानवयन सेवा व्यवसाय के एक हिस्से का अधिग्रहण करेगी और नई व्यावसायिक इकाई डीएक्सपी सविर्सेज बनाएगी। यह सौदा पूरा होने के करीब है।
अधिग्रहण आईटीसी इन्फोटेक से पहला सौदा है। आईटीसी इन्फोटेक को आईटीसी द्वारा वर्ष 2000 में स्थापित किया गया था। इस समझौते के संदर्भ में आईटीसी इन्फोटेक से वित्तीय प्रतिबद्धता में अधिग्रहण की लागत शामिल है जो पांच साल के दौरान 11.5 करोड़ डॉलर है।
इन्फोटेक को पीटीसी के साथ काम करने का 20 वर्ष का अनुभव रहा है। डीएक्सपी सेवाओं के साथ वह अब अगले स्तर पर बढ़ रही है।
आईटीसी से जुड़े सूत्रों ने संकेत दिया है कि आईटीसी इन्फोटेक अगले पांच साल के दौरान करीब 50 करोड़ डॉलर के बिक्री एवं क्रॉस-सेलिंग बिजनेस सॉल्युशन की संभावना तलाश रही है।
वित्त वर्ष 2022 में आईटीसी की इस पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक इकाई ने 2,853 करोड़ रुपये का राजस्व दर्ज किया, जो 16.3 प्रतिशत की वृद्धि है, वहीं उसका कर-बाद लाभ 541 करोड़ रुपये रहा, जो पूर्ववर्ती वर्ष के मुकाबले 19 प्रतिशत अधिक है। इस अधिग्रहण से बाजारों और ग्राहकों तक मजबूत पहुंच बनाकर राजस्व बढ़ाने में मदद मिलने की संभावना है। डीएक्सपी सर्विसेज ग्राहकों को महत्वपूर्ण सॉफ्टवेयर से सास परिदृश्य की राह पर बढ़ने में सक्षम बनाएगी।
आईटीसी इन्फोटेक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्याधिकारी सुदीप सिंह ने कहा, ‘इस सौदे की मदद से हमारे पास सैकड़ों ग्राहकों का मजबूत रिकॉर्ड रहा है, जिनमें यूरोप और अमेरिका में ब्लू चिप ग्राहक शामिल हैं, जहां से हमारे राजस्व का 70 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सा आता है।’ उन्होंने कहा, ‘हम 29 देशों में पहले से ही काम कर रहे हैं। लेकिन यह सौदा उन 15 देशों में हमारी उपस्थिति को मजबूत बनाता है जिनमें से कुछ हमारे लिए नए हैं।’
इस सौदे के तहत, आईटीसी इन्फोटेक पीटीसी की पेशेवर सेवा टीम के बड़े हिस्से की खरीदारी करेगी।
सिंह ने कहा, ‘यह न सिर्फ बेहद मजबूत तकनीकी टीम है जिसे हम खरीद रहे हैं बल्कि प्रबंधन टीम भी है जो बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि वह ग्राहकों के लिए मजबूत क्रियान्वयन संचालित कर रही थी और पिछले समय के दौरान ग्राहकों के साथ उसने अच्छे संबंध बनाए थे।’
आईटीसी इन्फोटेक खासकर उन कंपनियों के साथ विकास के दौर से भी गुजर रही है तो महामारी के दौरान डिजिटल बदलाव पर जोर दे रही थीं।