देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजूकी इंडिया (एमएसआई) का चालू वित्त वर्ष की जून में समाप्त पहली तिमाही का एकीकृत शुद्ध लाभ दोगुना से अधिक होकर 1,036 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। कंपनी ने कोविड-19 से प्रभावित वित्त वर्ष 2021-22 की अप्रैल-जून तिमाही में 475 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया था।
एमएसआई ने बुधवार को बयान में कहा कि तिमाही के दौरान उसकी कुल बिक्री बढ़कर 26,512 करोड़ रुपये हो गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 17,776 करोड़ रुपये थी। कंपनी ने कहा कि 2021-22 की पहली तिमाही में उसका प्रदर्शन महामारी के कारण प्रभावित हुआ था। ऐसे में चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही से समान आधार पर नहीं हो सकती।
मारुति ने जून तिमाही के दौरान 4,67,931 वाहनों की बिक्री की। एक साल पहले की इसी अवधि में कंपनी ने 3,53,614 वाहन बेचे थे। बयान के अनुसार, घरेलू बाजार में कंपनी की बिक्री चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में 3,98,494 इकाई की रही। इस दौरान कंपनी ने 69,437 वाहनों का निर्यात किया। मारुति का एकल आधार पर शुद्ध लाभ आलोच्य तिमाही में बढ़कर 1,013 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। एक साल पहले की इसी तिमाही में यह 440 करोड़ रुपये था।
कंपनी की शुद्ध आय भी अप्रैल-जून तिमाही में बढ़कर 25,286 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जो बीते वित्त वर्ष की समान तिमाही में 16,799 करोड़ रुपये थी। मारुति ने बताया कि सेमीकंडक्टर की कमी के कारण 2022-23 की पहली तिमाही में करीब 51,000 इकाइयों के उत्पादन का नुकसान हुआ। कंपनी के पास जून तिमाही के अंत तक 2,80,000 इकाइयों की बुकिंग का ऑर्डर लंबित है। मारुति का शेयर बीएसई में 1.62 फीसदी चढ़कर 8,660.05 रुपये पर बंद हुआ।
कोलगेट पामीलिव का मुनाफा घटा
दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कोलगेट पामोलिव इंडिया लिमिटेड (सीपीआईएल) का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष 2022-23 की अप्रैल-जून तिमाही में 10.1 फीसदी गिरकर 209.67 करोड़ रुपये रह गया। ग्रामीण बाजार में सुस्ती और मुद्रास्फीतिक दबाव से कंपनी का मुनाफा प्रभावित हुआ है। कंपनी ने बुधवार को शेयर बाजारों को यह जानकारी दी। इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी ने 233.23 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया था। सीपीआईएल की परिचालन आय आलोच्य तिमाही में 2.48 फीसदी बढ़कर 1,186.59 करोड़ रुपये हो गई। एक साल पहले की समान अवधि में यह 1,157.86 करोड़ रुपये रही थी।
चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कंपनी का कुल खर्च 6.95 फीसदी बढ़कर 916.60 करोड़ पर पहुंच गया। इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 856.99 करोड़ रुपये रहा था। सीपीआईएल के चेयरमैन मुकुल देवरस ने कहा कि पहली तिमाही में स्थितियां काफी चुनौतीपूर्ण थीं। इससे पिछली तिमाही भी चुनौतीपूर्ण रही थी।
सीजी पावर का लाभ बढ़ा
सीजी पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही में 138 फीसदी बढ़कर 129.93 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। कंपनी ने बुधवार को शेयर बाजार को भेजी सूचना में यह जानकारी दी। इससे पिछले वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही ने कंपनी ने 54.58 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ कमाया था।
टाटा मोटर्स का घाटा
घरेलू वाहन विनिर्माता कंपनी टाटा मोटर्स का चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में एकीकृत शुद्ध घाटा बढ़कर 4,951 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने बुधवार को अप्रैल-जून तिमाही के नतीजों की शेयर बाजारों को जानकारी देते हुए कहा कि एक साल पहले की समान तिमाही में उसका घाटा 4,450 करोड़ रुपये रहा था।
टाटा मोटर्स की एकीकृत परिचालन आय आलोच्य अवधि में बढ़कर 71,935 करोड़ रुपये हो गई। एक साल पहले की समान अवधि में यह 66,406 करोड़ रुपये रही थी। एकल आधार पर टाटा मोटर्स का पहली तिमाही में शुद्ध घाटा 181 करोड़ रुपये रहा जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन को दर्शाता है।
अप्रैल-जून, 2021 की तिमाही में कंपनी का एकल आधार पर घाटा 1,321 करोड़ रुपये रहा था। वहीं एकल आधार पर कंपनी का परिचालन राजस्व 14,874 करोड़ रुपये रहा जबकि पिछले साल की समान अवधि में यह 6,577 करोड़ रुपये रहा था।