प्रमुख वाहन कंपनी महिंद्रा ऐंड महिंद्रा (एमऐंडएम) ने पारंपरिक ईंधन वाले प्लेटफॉर्म पर पूरी तरह नया मॉडल स्कॉर्पियोएन को उतारा है। नवाचार और जज्बे से संचालित अरबों डॉलर के कारोबार वाली इस वैश्विक कंपनी ने तगड़ी प्रतिस्पर्धा वाले स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) बाजार में अग्रणी बरकरार रहने के लिए आक्रामक तरीके से नए मॉडलों को उतारने की योजना बनाई है।
कंपनी ने कुछ साल पहले अपने पूरे उत्पाद पोर्टफोलियो को नई पीढ़ी के प्लेटफॉर्म से लैस करने की पहल शुरू की थी जो अब पूरी हो चुकी है। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि कंपनी एसयूवी एवं बहुउद्देशीय वाहन वाहन बनाने वाली कंपनी जो भी पेट्रोल-डीजल मॉडल उतारेगी वे पिछले चार साल के दौरान लाए गए मौजूदा प्लेटफॉर्म पर आधारित होंगे। प्लेटफॉर्म वह ढांचा होता है जिस पर कार का मॉडल तैयार होता है और डिजाइन, एक्सेल, इंजन, पहिये, पासर स्टीयरिंग प्रणाली, सस्पेंसन आदि उसी पर आधारित होते हैं।
एमऐंडएम के कार्यकारी निदेशक (वाहन एवं फार्म सेक्टर) राजेश जेजुरिकर ने कहा, ‘यह सब प्लेटफॉर्म तैयार करने की योजना का हिस्सा है। हमने नए प्लेटफॉर्म बनाए हैं और हमें उन पर मॉडलों को तैयार करने की आवश्यकता है। अब हमें नए आईसीई प्लेटफॉर्म यानी पेट्रोल-डीजल आधारित प्लेटफॉर्म की आवश्यकता नहीं होगी।’ एमऐंडएम ने 27 जून को पुणे के समीप अपने चाकण संयंत्र से स्कॉर्पियोएन को तैयार किया। डी श्रेणी के इस एसयूवी के जरिये कंपनी की नजर मझोले आकार और प्रीमियम एसयूवी को पसंद करने वाले ग्राहकों को आकर्षित करने पर है। इसकी बिक्री इसी साल त्योहारी सीजन के दौरान शुरू की जाएगी। इसके लिए बुकिंग 30 जुलाई से शुरू होगी।
एमऐंडएम ने इस प्लेटफॉर्म पर 1,600 करोड़ रुपये का निवेश किया है। इस मॉडल को डिजाइन और विकसित करने में कंपनी को चार साल लग गए।
एसयूवी बाजार में क्रॉसओवर, कॉम्पैक्ट एसयूवी अथवा सॉफ्ट-रोडर्स के जरिये प्रतिस्पर्धियों की लगातार बढ़ती पैठ से निपटने के लिए महिंद्रा ऐंड महिंद्रा ने तीन साल पहले अपनी एसयूवी रणनीति पर नए सिरे से गौर किया था। इसके तहत कंपनी ने अगस्त 2020 में थार, अक्टूबर 2021 में एक्सयूवी700 और 27 जून को स्कॉर्पियो एन को लॉन्च किया है। सभी तीन मॉडल तीन अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर आधारित हैं और उनमें कुछ भी एक जैसा नहीं है। इसके अलावा कंपनी के पास एक्सयूवी300 (एसयूवी सांगयोंग टिवोली के सब-कॉम्पैक्ट क्रॉसओवर पर आधारित) और एमपीवी माराज्जो भी हैं।
एमऐंडएम ने जानबूझकर अपने मौजूदा ब्रांड के तहत नए मॉडलों को उतारने का निर्णय लिया है।