अंबुजा सीमेंट्स और एसीसी के शेयरधारकों के लिए खुली पेशकश 6 जुलाई से शुरू होगी और 19 जुलाई को बंद होगी। अदाणी फैमिली की तरफ से आज प्रकाशित समयसारणी से यह जानकारी मिली। 4 अरब डॉलर यानी 31,139 करोड़ रुपये के निवेश के साथ यह खुली पेशकश भारतीय कॉरपोरेट जगत की सबसे बड़ी खुली पेशकश होगी।
कंपनियों के लिए अनिवार्य खुली पेशकश अदाणी फैमिली के स्वामित्व वाली मॉरीशस स्थित कंपनी ने की है, जब उसने अंबुजा की 63 फीसदी हिस्सेदारी और एसीसी की 4.5 फीसदी हिस्सेदारी स्विस की सीमेंट दिग्गज होल्सिम से 6.5 अरब डॉलर में खरीद ली। अंबुजा के पास एसीसी की 50 फीसदी हिस्सेदारी है। पूरे अधिग्रहण पर अदाणी फैमिली की लागत करीब 10.5 अरब डॉलर यानी 81,000 करोड़ रुपये आएगी। खुली पेशकश की पूरी कवायद अगस्त के पहले हफ्ते मेंं पूरी हो जाएगी, जैसा कि दोनों कंपनियों ने जारी नोटिस मेंं कहा है।
संयुक्त आधार पर अदाणी की खुली पेशकश साल 2013 की यूनिलीवर की पशकश को पीछे छोड़ देगी क्योंंकि तब यूनिलीवर ने 29,220 करोड़ रुपये की खुली पेशकश की घोषणा हिंदुस्तान यूनिलीवर के 48.7 करोड़ शेयर के अधिग्रहण की घोषणा की थी ताकि उसकी हिस्सेदारी करीब 22 फीसदी हो जाए।
नोटिस के मुताबिक, अदाणी फैमिली के स्वामित्व वाली मॉरीशस की कंपनी एंडेवर ट्रेड ऐंड इन्वेस्टमेंट 51.6 करोड़ शेयर खरीदेगी, जो अंबुजा सीमेंट्स की 26 फीसदी शेयर पूंजी का प्रतिनिधित्व करती है और यह 385 रुपये प्रति शेयर पर खरीदा जाएगा और इस पर कुल 19,879 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसी तरह अदाणी फैमिली ने एसीसी की 26 फीसदी हिस्सेदारी 2,300 रुपये प्रति शेयर की पेशकश की है, जिस पर 11,259 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
दोनों कंपनियों के स्वतंत्र निदेशक अपनी सिफारिशें दोनों कंपनियों के शेयरधारकों को 4 जुलाई को देंगे। यह लेनदेन सेबी व भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग समेत विभिन्न नियामकीय मंजूरी पर निर्भर करेगा। अदाणी फैमिली ने मुंबई में बार्कलेज बैंक के पास एस्क्रो अकाउंट खोला है और दोनों पेशकश के लिए नकद जमा कराया है।