रियल एस्टेट

Housing sale Q1CY26: सुस्त पड़ी हाउसिंग सेल्स, 18 तिमाहियों का रिकॉर्ड टूटा

शीर्ष 9 शहरों में बिक्री 13% घटी; बेंगलुरु और दिल्ली-एनसीआर ने दिखाई मजबूती

Published by
रामवीर सिंह गुर्जर   
Last Updated- March 30, 2026 | 3:44 PM IST

Housing sale Q1CY26: इस साल भी मकानों की बिक्री की शुरुआत सुस्त रही। लंबे समय बाद किसी एक तिमाही में मकानों की बिक्री 1 लाख से नीचे आई गई। ऐसा 18 तिमाहियों के बाद पहली बार हुआ है। बिक्री के साथ ही आपूर्ति में भी कमी आई है। हालांकि पहली तिमाही के दौरान बेंगलुरु और दिल्ली-एनसीआर के रेजिडें​शियल मार्केट ने सुस्त बिक्री के बीच दमखम दिखाया है। शीर्ष 9 शहरों में ये दो बाजार ही ऐसे रहे जहां मकानों की बिक्री और आपूर्ति में वृद्धि देखने को मिली

2026 की पहली तिमाही में कितने बिके मकान?

रियल एस्टेट डेटा एनालिटिक्स कंपनी प्रॉपइक्विटी के अनुसार, 2026 की पहली तिमाही यानी जनवरी-मार्च अवधि के दौरान शीर्ष 9 शहरों में मकानों की बिक्री साल-दर-साल 13% और तिमाही-दर-तिमाही 6% घटकर 98,761 यूनिट रह गई। भारत के शीर्ष 9 शहरों में इस साल पहली तिमाही में 18 तिमाहियों के बाद पहली बार मकानों की बिक्री 1 लाख यूनिट से नीचे आ गई। बिक्री के साथ ही नई लॉन्चिंग साल-दर-साल 19% और तिमाही-दर-तिमाही 8% घटकर 92,411 यूनिट पर रह गई।

शीर्ष 9 शहरों में मकानों की बिक्री (Total Absorption (Units))

Location Q1-2025 Q4-2025 Q1-2026 Q-o-Q Y-o-Y
Bengaluru 17508 15546 17991 +16% +3%
Chennai 4959 4848 4765 -2% -4%
Hyderabad 13725 12190 11546 -5% -16%
Kolkata 4229 4297 3872 -10% -8%
Mumbai 11453 10568 9186 -13% -20%
Navi Mumbai 8340 8835 7157 -19% -14%
Pune 21640 17643 16144 -8% -25%
Thane 21025 19305 15959 -17% -24%
Delhi NCR 10723 12295 12141 -1% +13%
Total 113602 105527 98761 -6% -13%

बेंगलुरु, NCR ने सुस्त बिक्री के बीच दिखाया दम

प्रॉपइक्विटी की रिपोर्ट के अनुसार, इस साल पहली तिमाही में बेंगलुरु 17,991 यूनिट की बिक्री के साथ सबसे बड़ा आवास बाजार बनकर उभरा। इस शहर ने तिमाही आधार पर 16% और सालाना आधार पर 3% की वृद्धि दर्ज की। दिल्ली-एनसीआर में 12,141 यूनिट की बिक्री दर्ज की गई, जो सालाना आधार पर 13% की वृद्धि दर्शाती है। हालांकि तिमाही आधार पर इसमें 1% की मामूली गिरावट देखने को मिली । बेंगलुरु और दिल्ली-एनसीआर को छोड़कर बाकी शहरों में मकानों की बिक्री में गिरावट देखी गई। मुंबई में बिक्री सालाना आधार पर 20 फीसदी घटकर 9,186, हैदराबाद में 16 फीसदी घटकर 11,546, पुणे में 25 फीसदी घटकर 16,144, ठाणे में 24 फीसदी घटकर 15,959, कोलकाता में 8 फीसदी घटकर 3,872 रह गई।

यह भी पढ़ें: देश के बड़े शहरों में मकानों की बिक्री 7% घटी, युद्ध और अनिश्चितता ने रियल एस्टेट पर लगाया ब्रेक

Housing Sale Q1CY26: मकानों की बिक्री में क्यों आई कमी?

प्रॉपइक्विटी के फाउंडर एवं सीईओ समीर जसूजा ने कहा कि 2026 की पहली तिमाही में आवास बिक्री में नरमी जारी रही, जिसमें दिल्ली-एनसीआर और बेंगलुरु अपवाद के रूप में उभरे। यह गिरावट अधिकांश शहरों में कम आपूर्ति के कारण हुई है। Q1 2026 में पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में लगभग 22,000 यूनिट कम आपूर्ति हुई है। आपूर्ति के मोर्चे पर दिल्ली-एनसीआर ने Q1 में 17,227 यूनिट लॉन्च के साथ दूसरे सबसे बड़े बाजार के रूप में अपनी स्थिति मजबूत की है।

जसूजा ने कहा कि शीर्ष 9 शहरों में दिल्ली-एनसीआर एकमात्र ऐसा शहर रहा जिसने सालाना आधार पर 89% और तिमाही आधार पर 8% की वृद्धि दर्ज की। बेंगलूरु ने 17,782 यूनिट लॉन्च के साथ फिर से शीर्ष स्थान हासिल किया, जिसमें तिमाही आधार पर 10% वृद्धि दर्ज की गई। हालांकि सालाना आधार पर इसमें 24% की गिरावट रही। चेन्नई में 2,909 यूनिट की नई आपूर्ति दर्ज की गई। जिसमें तिमाही आधार पर 12% वृद्धि, लेकिन सालाना आधार पर 62% की गिरावट रही। अन्य सभी शहरों में नई लॉन्चिंग में गिरावट दर्ज की गई।

New Supply (Units)

Location Q1-2025 Q4-2025 Q1-2026 Q-o-Q Y-o-Y
Bengaluru 23293 16237 17782 +10% -24%
Chennai 7663 2603 2909 +12% -62%
Hyderabad 17649 12222 10938 -11% -38%
Kolkata 3121 3529 2588 -27% -17%
Mumbai 8622 9358 7162 -23% -17%
Navi Mumbai 8359 8071 6367 -21% -24%
Pune 18929 14923 13084 -12% -31%
Thane 17990 17587 14354 -18% -20%
Delhi NCR 9092 15995 17227 +8% +89%
Total 114718 100525 92411 -8% -19%
First Published : March 30, 2026 | 3:31 PM IST