धनतेरस और दीवाली खरीदारी के लिए बाजार में ग्राहकों की भीड़ देखते ही बन रही है। दूसरे कारोबार की तरह इस बार मिठाईवालों को भी बिक्री बढ़ने की उम्मीद है। मिठाई कारोबार में अब बड़ी कंपनियों ने भी दिलचस्पी लेना शुरू कर दिया है। मिठाई कारोबार में मोटे मुनाफे को देखते हुए रिलायंस इंडस्ट्रीज की खुदरा कारोबार से जुड़ी कंपनी रिलायंस रिटेल भी अपने स्टोरों पर मिठाइयां बेचेगा। यहां देश के 50 से अधिक प्रसिद्ध हलवाइयों की मिठाइयां मिलेंगी।
देश का सबसे बड़ा हलवाई बनने की संकल्पना के साथ रिलायंस रिटेल ने दीवाली पर अपने यहां मिठाइयों की बिक्री शुरू कर दी। स्टोरों में देश के 50 से अधिक प्रसिद्ध हलवाइयों की मिठाइयां मिलेगी। साथ ही कंपनी ने चॉकलेट की तरह मिठाई और लड्डू के छोटे पैकेट बनाकर बेचने की भी योजना बनाई है।
रिलायंस रिटेल के मुख्य कार्याधिकारी (खुदरा किराना) दामोदर मल्ल ने कहा कि कंपनी, अब प्रसिद्ध और पारंपरिक हलवाइयों के साथ मिलकर उनकी विशिष्ट मिठाइयों को देश भर में ग्राहकों तक पहुंचाएगी। कंपनी के अनुसार रिलायंस रिटेल की दुकानों पर अब मशहूर मिठाइयों में कलेवा का तिल बेसन लड्डू, घसीटाराम का मुंबई हलवा, प्रभुजी का दरबेश लड्डू और मेथीदाना लड्डू, दूध मिष्ठान भंडार (डीएमबी) का मालपुआ, लाल स्वीट्स का मैसूर पाक और धारवाड़ पेड़ा उपलब्ध है।
मिठाई कारोबार पर की शुरुआत पर मल्ल ने कहा कि हम चाहते हैं कि पारंपरिक मिठाइयां किसी खास इलाके में सिमटने के बजाए देश के हर कोने में पहुंचें। जैसे पश्चिम बंगाल और ओडिशा का रसगुल्ला। इसकी पहुंच अब तमिलनाडु के ग्राहकों तक भी होगी। ग्राहकों को एकदम ताजा मिठाइयां मिले, इसके लिए हम पारंपरिक हलवाइयों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
उद्योग के अनुमान के अनुसार वर्तमान में भारतीय पारंपरिक डिब्बाबंद मिठाई बाजार लगभग 4,500 करोड़ रुपये का है और अगले पांच साल में सालाना 19 प्रतिशत की वृद्धि के साथ इसके 13 हजार करोड़ रुपये के स्तर तक पहुंचने का अनुमान है। वहीं असंगठित मिठाई बाजार करीब 50 हजार करोड़ रुपये का है।
पारंपरिक मिठाइयों की बिक्री बढ़े, इसके लिए रिलायंस रिटेल ने अपने स्टोर में अलग-अलग इकाइयां बनाई हैं। इसके तहत रिलायंस रिटेल मिठाई बना रही इकाइयों को एकल पैक विकसित करने में भी मदद कर रहा है। यानी अगर ग्राहक चाहे तो घाना की डार्क चॉकलेट की जगह देसी मैसूर पाक या लड्डू का छोटा पैकेट खरीद सकता है।
कंपनी अभी मिठाई, लड्डू के छोटे पैकेट पेश करने पर काम कर रही है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के खुदरा कारोबार की होल्डिंग कंपनी रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड की अनुषंगी रिलायंस रिटेल का कहना है कि इस पहल से इन हलवाइयों को बड़ा बाजार मिलेगा और उनका कारोबार भी बढ़ेगा।