भारत की क्रिप्टो एक्सचेंज कंपनी वजीरएक्स (WazirX) ने अपने करीब 40 फीसदी कर्मचारियों की छंटनी कर दी है। कंपनी ने अपने बयान में छंटनी की वजह क्रिप्टो बाजार में आई सुस्ती को बताया। कंपनी ने कहा कि क्रिप्टो बाजार के लिए मंदी के सप्ताह निर्धारित किए गए है। ऐसे में हमारी प्राथमिकता आर्थिक रूप से स्थिर होना और अपने ग्राहकों की सेवा जारी रखना है। आपको बता दें कि एक हफ्ते पहले प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने क्रिप्टो एक्सचेंज फर्म के बैंक खातों को फ्रीज कर दिया था।
नौकरी से हटाए गए कर्मचारियों को मिलेगा 45 दिन का वेतन
वजीरएक्स ने 150 कर्मचारियों में से लगभग 50 से 70 कर्मचारियों को नौकरी से हटा दिया है। जिन कर्मचारियों की छंटनी हुई है, कंपनी उनको 45 दिन का वेतन देगी। सूत्रों के अनुसार कस्टमर सपोर्ट, एचआर व अन्य विभागों से कर्मचारियों की छंटनी की गई है। मैनेजर्स, एनालिस्ट्स, एसोसिएट मैनेजर्स/ टीम लीड की भी छंटनी हुई है।
WazirX ने दी सफाई
कंपनी ने कर्मचारियों की छंटनी पर सफाई देते हुए एक बयान में कहा कि वैश्विक बाजारों में मौजूदा सुस्ती की वजह से क्रिप्टो बाजार गिरावट की चपेट में है। भारत के नंबर 1 क्रिप्टो एक्सचेंज के रूप में हमारी प्राथमिकता वित्तीय रूप से स्थिर रहना और अपने ग्राहकों को सेवा देना जारी रखना है। इसे प्राप्त करने के लिए हमें क्रिप्टो बाजार में सुस्ती के कारण अपने कर्मचारियों को कम करना पड़ा है। यह स्थिति 2018 में उद्योग द्वारा सामना किए गए कठिन समय के समान ही है।
WazirX के ट्रेडिंग वॉल्यूम में आई है कमी
कंपनी के प्रतिदिन का ट्रेडिंग वॉल्यूम लगातार गिर रहा है। 28 अक्टूबर, 2021 को यह 47.8 करोड़ के साथ यह एक साल के उच्च स्तर पर था जो एक अक्टूबर 2022 को घटकर 15 लाख पर आ गया। कंपनी का कहना है कि भारतीय क्रिप्टो उद्योग में टैक्स, रेग्युलेशन और बैंकिंग एक्सेस से संबंधित अलग तरह की समस्याएं हैं। इस कारण सभी क्रिप्टो एक्सचेंज पर वॉल्यूम में बहुत अधिक गिरावट देखने को मिली है।